नियम तो एक सजा है



हम भारत के लोग हमेशा से नियम तोड़ने में विश्वास रखते है। नियम में रहे तो क्या जीवन। जीवन तो अलमस्त हो तभी मजा है। नियम तो वैसे भी गले में रस्सी जैसा होता है। साला एक सीमा में रहो इससे ज्यादा कुछ मत करो पर हम तो कुछ अलग करने में विश्वास रखते है और नियम-कानून इन सब को तोड़ कर ही सब कुछ करते है।
सरकार ने जब से सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया है। बाजार में, पार्टीयों में तांबे के लोटे और स्टील के गिलास फिर से अपना अस्तित्व जमाने के लिए प्रयास रत है । लेकिन कई सुधिजन है जो लोटे और स्टील के गिलास को हेय दृष्टि से देखते हुए बाजार से दबे छुपे जुगाड़ लगाकर डिस्पोजल गिलास, कटोरी और चम्मच से ही पार्टीयों में मजे उड़ा रहे है । कोई सरकारी नियम का हवाला दे तो कहते है नियम में मजा लिया तो क्या मजा है । नियम तो एक सजा है।
स्वच्छ भारत अभियान चलाया जा रहा है। हमसे ही टेक्स की अतिरिक्त राशि ले कर नगर पालिक निगम हमारे शहर को साफ सुथरा बनाने में लगी है ताकि भविष्य में नम्बर वन का अवार्ड मिल जाए और नेता व अधिकारी तरह-तरह से अनुरोध कर रहे है कि शहर साफ रखे गंदगी न फैलाए वरना जुर्माना लगेगा लेकिन मजाल है कि हम नियम का पालन करे । अभी नवरात्र में खीर और खीचड़ी का प्रसाद मंदिर के बाहर सड़क पर लोगो को पकड़-पकड़ कर बांटा । लोगों ने भी खाया और दोना सड़क पर फैका और चल दिए । नियम तोड़ा सार्वजनिक रूप से पर किसी अधिकारी के बाप की ताकत नहीं की प्रसाद बांटने या खाने वाले पर जुर्माना लगा सके ।सड़क पर बारात और जुलूसों में तो ये नियम डंके की चोट पर हम तोड़ते है । 
चौराहे पर सिग्नल तोड़ कर निकलना तो जैसे गर्व की बात हो इस तरह से लोग लाल बत्ती में तेज गति से निकलते है जैसे नियम इनके बाप की जागीर हो । और जो नहीं निकल पाते या वर्दी वाले के डर के मारे हिम्मत नहीं कर पाते उनका काम नियम की दुहाई देना और मन मसोसकर हरी बत्ती का इंतजार होता है।

मंदिर हो या सिनेमा घर लाईन तोड़कर नियम विरुद्ध जुगाड़ लगा कर आगे लाईन में लगकर होशियार बनने का अवसर कोई भारतवासी नहीं चूकता। ये बात अलग है कि लाख कोशिश के बावजूद कोई पहचान वाला नहीं दिखे और कोई दूसरा जुगाड़ लगा कर निकल जाए तो ईमानदारी की दुहाई देने लगते है।
रेल की टिकट खिड़की पर ‘भय्या रेल निकल जाएगी प्लिज़ हमें टिकट ले लेने दिजिए’ की स्थिती से लगभग हर कोई वाकिफ है । बाकी लाईन में खड़े 50-60 लोग बेवकूफ की तरह उस भय्या वाले या वाली को देखते रहते है और वो घर से देरी से आकर सबको धत्ता दे कर नियम विरुद्ध टिकट ले कर खुशी-खुशी  प्लेटफार्म की ओर बढ़ जाते है । बाकी सब मन ही मन कुढ़ते रहते है।
देश की सरकार से लेकर किसी भी छोटे बड़े आयोजन के मंच का माईक जिनके पास होता है। वो सारे नियम तोड़ने का अधिकार रखता है। दो मिनट का समय दो घंटे में भी पूरा नहीं होता। लगता है ब्रह्मा के दो मिनट को मृत्यूलोक में लागु करने का प्रयास कर रहे है। जब तक संचालक हाथ में पर्ची न थमा दे तब तक भरे सदन नियम तोड़ने का मजा लेते रहते है।आखिर नियम से जिए तो क्या जिए मजा तो नियम तोड़ने में है।(चित्र-गुगल से साभार)
-संदीप सृजन
संपादक - शाश्वत सृजन
ए-99 वी. डी. मार्केट, उज्जैन
मो. 9406649733

सावन-भादौ के सोमवार को महाकाल महाराज अपनी प्रजा को दर्शन देने निकलते हैं


उज्जैन में निकलने वाली महाकालेश्वर की सवारी
भगवान महाकाल राजा के रूप में प्रजा का हाल-चाल जानने निकलते हैं
सावन-भादौ के सोमवार को महाकाल महाराज अपनी प्रजा को दर्शन देने निकलते हैं।
-संदीप सृजन

शिव को यूं तो घट-घट का वासी कहा गया है, संसार के हर प्राणी में शिव तत्व मौजूद हैं। हर जगह शिव का वास हैं। लेकिन शिव को जो जगह भू-लोक पर सर्वाधिक प्रिय है उनमें से एक है अवंतिकापुरी याने आज का उज्जैन शहर। जहॉ महाकाल स्वरूप में शिव विराजमान है। शिव के प्रमुख बारह स्थानों में महाकाल ज्योतिर्लिंग उज्जैन का महत्व अधिक है । इस मृत्यू लोक में महाकाल विशेष रूप से पूज्य है ,इसीलिए कहा जाता है-
आकाशे तारकं लिंगम्, पाताले हाटकेश्वरम्।
मृत्युलोके महाकालं, त्रयं लिंगम् नमोस्तुते।।
शास्त्रों में सावन माह को शिव का प्रिय मास बताया जाता है, और सोमवार को अति प्रिय वार। सावन माह में सोमवार के साथ यदी कुछ प्रसिद्ध है तो वह है उज्जैन में निकलने वाली महाकालेश्वर की सवारी।
महाकाल उज्जैन नगरी के राजाधिराज महाराज माने गए हैं। सावन-भादौ के सोमवार को महाकाल महाराज अपनी प्रजा को दर्शन देने निकलते हैं। ऐसा लोक व्यवहार में माना जाता हैं और पलक पावड़े बिछाकर जनता भी अपने महाराज का सत्कार करती हैं । सवारी की इस परम्परा की शुरुआत सिंधिया वंशजों द्वारा की गई थी । पहले श्रावण मास के आरंभ में सवारी नहीं निकलती थी, सिर्फ सिंधिया वंशजों के सौजन्य से महाराष्ट्रीयन पंचाग के अनुसार ही सवारी निकलती थी। सावन की अमावस्या के बाद भादौ की अमावस्या के बीच आने वाले सोमवार को ही सवारी निकलती थी। उज्जयिनी के प्रकांड ज्योतिषाचार्य पद्मभूषण स्व. पं. सूर्यनारायण व्यास और तात्कालिक कलेक्टर महेश निलकंठ बुच के आपसी विमर्श और पुजारियों की सहमति से तय हुआ कि क्यों न इस बार श्रावण के आरंभ से ही सवारी निकाली जाए और कलेक्टर बुच ने समस्त जिम्मेदारी सहर्ष उठाई । सवारी निकाली गई और उस समय उस प्रथम सवारी का पूजन सम्मान करने वालों में तत्कालीन मुख्यमंत्री गोविंद नारायण सिंह, राजमाता सिेंधिया व शहर के गणमान्य नागरिक प्रमु्ख थे। सभी पैदल सवारी में शामिल हुए और शहर की जनता ने रोमांचित होकर घर-घर से पुष्प वर्षा की। इस तरह एक खूबसूरत परंपरा का आगाज हुआ।
मंदिर की परंपरा अनुसार प्रत्येक सावन सोमवार के दिन महाकालेश्वर भगवान की शाम चार बजे मंदिर से सवारी शुरू होती हैं। सबसे पहले भगवान महाकाल के राजाधिराज रूप (मुखौटे) को उनके विशेष कक्ष से निकल कर भगवान महाकाल के सामने रखकर उन्हें आमंत्रित कर उनका विधिविधान से आह्वान किया जाता हैं। मंत्रों से आह्वान के बाद ये माना जाता है कि बाबा महाकाल अपने तेज के साथ मुखौटे में समा गए हैं, इसके बाद ही सवारी निकाली जाती है। जब तक सवारी लौटकर नहीं आती तब तक बाबा महाकाल की आरती नहीं की जाती। तत्पश्चात् जिले के प्रशासनिक अधिकारी और शासन के प्रतिनिधि द्वारा  भगवान महाकालेश्वर को विशेष श्लोक, मंत्र और आरती के साथ अनुग्रह किया जाता है कि वे अपने नगर के भ्रमण के लिए चलने को तैयार हों।
भगवान महाकाल राजा के रूप में प्रजा का हाल-चाल जानने निकलते हैं तब उन्हें उपवास होता है। अत: वे फलाहार ग्रहण करते हैं। विशेष कर्पूर आरती और राजाधिराज के जय-जयकारों के बीच उन्हें चांदी की नक्काशीदार खूबसूरत पालकी में प्रतिष्ठित किया जाता हैं। यह पालकी इतने सुंदर फूलों से सज्जित होती हैं कि इसकी छटा देखते ही बनती हैं। भगवान के पालकी में सवार होने और पालकी के आगे बढ़ने की बकायदा मुनादी होती हैं। तोपों से उनकी पालकी के उठने और आगे बढ़ने का संदेश मिलता हैं। पालकी उठाने वाले कहारों का भी चंदन तिलक से सम्मान किया जाता हैं। पालकी के आगे बंदुकची धमाके करते हुए चलते हैं जिससे पता चले की सवारी आ रही हैं। राजा महाकाल की जय के नारों से मंदिर गूंज उठता हैं। भगवान की सवारी मंदिर से बाहर आने के बाद गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है और सवारी रवाना होने के पूर्व चौबदार अपना दायित्व का निर्वाह करते हैं और पालकी के साथ अंगरक्षक भी चलते हैं। सवारी हाथी, घोड़ों, पुलिस बेंड से सुसज्जित रहती हैं।
श्रावण और भादौ मास की इस विलक्षण सवारी में देश-विदेश से नागरिक शामिल होते हैं। मान्यता है कि उज्जैन में प्रतिवर्ष निकलने वाली इस सवारी में राजा महाकाल, प्रजा की दुख-तकलीफ को सुनकर उन्हें दूर करने का आशीर्वाद देते हैं।
विभिन्न मार्गों से होते हुए सवारी मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पहुंचती है। यहां पुजारी शिप्रा जल से भगवान का अभिषेक कर पूजा अर्चना किया जाता है। पूजन पश्चात सवारी पारम्परिक मार्गों से होते हुए शाम करीब सात बजे मंदिर पहुंचती है। इसके बाद संध्या आरती होती है । जब शहर की परिक्रमा हर्षोल्लास से संपन्न हो जाती है और मंदिर में भगवान राजा प्रवेश करते हैं तो उनका फिर उसी तरह पुजारी गण फिर से मंत्रों से प्रार्थना कर बाबा से शिवलिंग में समाहित होने की याचना करते हैं। इसके बाद मुखौटा वापस मंदिर परिसर में रख दिया जाता है। कहा जाता है सफलतापूर्वक यह सवारी संपन्न हुई है अत: हे राजाधिराज आपके प्रति हम विनम्र आभार प्रकट करते हैं।
हर सौमवार को अलग अलग रूप में भगवान महाकाल नगर भ्रमण करते है ।
मनमहेश : महाकाल सवारी में पालकी में भगवान मनमहेश को विराजित किया जाता है। पहली सवारी में भगवान सिर्फ मनमहेश रूप में ही दर्शन देते हैं।
चंद्रमौलेश्वर : दूसरी सवारी में पालकी पर विराजकर भगवान चंद्रमौलेश्वर भक्तों को दर्शन देने के लिए निकलते हैं। मनमहेश व चंद्रमौलेश्वर का मुखौटा एक सा ही नजर आता है।
उमा-महेश : इस मुखौटे में महाकाल संग माता पार्वती भी नजर आती हैं। यह मुखौटा नंदी पर निकलता है।
शिव तांडव : भगवान इस मुखौटे में भक्तों को तांडव करते हुए नजर आते हैं। यह गरुढ़ पर विराजित है।
जटाशंकर : भगवान का यह मुखौटा सवारी में बैलजोड़ी पर निकलता है। इसमें भगवान की जटा से गंगा प्रवाहित होती नजर आती है।
होल्कर : भगवान इस रूप में होल्कर पगड़ी धारण किए हुए हैं। होल्कर राजवंश की ओर से यह सवारी में शामिल होता हैं।
सप्तधान : सप्तधान रूप में भगवान नरमुंड की माला धारण किए हुए हैं। मुखौटे पर सप्तधान अर्पित होते हैं।

आखरी सवारी को को शाही सवारी कहा जाता है यह भादौ की अमावस्या के पहले आने वाले सोमवार को शाही सवारी निकाली जाती है । इस शाही सवारी में महाकाल सातों स्वरूप में एक साथ निकलते हैं, नगर के लगभग सारे बेंड बाजे वाले, किर्तन भजन मंडलिया, विभिन्न अखाड़े, बहुरुपिए शामिल होते है और शाही सवारी की शोभा बढ़ाते हुए भगवान महाकाल के प्रति अपनी आस्था अभिव्यक्त करते हैं। शाही सवारी का मार्ग अन्य सवारियों से ज्यादा लम्बा होता है। कुछ नये मार्गों से यह सवारी निकलती हैं। इस सवारी को देखने देश भर से श्रद्धालु उज्जैन आते हैं। पुरा शहर दुल्हन की तरह सजाया जाता हैं, तोरण बांधे जाते हैं, जगह जगह मंच बनाकर अपने महाराज का स्वागत किया जाता हैं ।शाही सवारी वाले दिन उज्जैन की छटा अद्भूत होती हैं । हर कोई महाकाल महाराज के स्वागत की तैयारी में लगा होता हैं। शाही सवारी का पूजन-स्वागत-अभिनंदन शहर के बीचों बीच स्थित गोपाल मंदिर में सिंधिया परिवार की ओर से किया गया। यह परंपरा सिंधिया परिवार की तरफ से आज भी जारी है। पहले तात्कालिक महाराज स्वयं शामिल होते थे। बाद में राजमाता नियमित रूप से आती रहीं फिर माधवराव सिंधिया और अब ज्योतिरादित्य सिंधिया के द्वारा परम्परा का पालन किया जा रहा है।
- संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 9406649733

तुलसीदास के शब्दों में गुरु महिमा


तुलसीदास के शब्दों में गुरु महिमा
गुरू बिन भवनिधि तरहिं न कोई,जौं बिरंचि संकर सम होई।


भारतीय वांग्मय में गुरु को इस भौतिक संसार और परमात्म तत्व के बीच का सेतु कहा गया है। सनातन अवघारणा के अनुसार इस संसार में मनुष्य को जन्म भले ही माता पिता देते है लेकिन मनुष्य जीवन का सही अर्थ गुरु कृपा से ही प्राप्त होता है । गुरु जगत व्यवहार के साथ-साथ भव तारक पथ प्रदर्शक होते है । जिस प्रकार माता पिता शरीर का सृजन करते है उसी तरह गुरु अपने शिष्य का सृजन करते है। शास्त्रों में “गु” का अर्थ बताया गया है अंधकार और “रु” का का अर्थ उसका निरोधक । याने जो जीवन से अंधकार को दूर करे उसे गुरु कहा गया है।
आषाढ़ की पूर्णिमा को हमारे शास्त्रों में गुरुपूर्णिमा कहते हैं। इस दिन गुरु पूजा का विधान है। गुरु के प्रति आदर और सम्मान व्यक्त करने के वैदिक शास्त्रों में कई प्रसंग बताए गये हैं। उसी वैदिक परम्परा के महाकाव्य रामचरित मानस में गौस्वामी तुलसीदास जी ने कई अवसरों पर गुरु महिमा का बखान किया है।
मानस के प्रथम सौपान बाल काण्ड में वे एक सौरठा में लिखते है-
बंदउँ गुरु पद कंज, कृपा सिंधु नररूप हरि।
महामोह तम पुंज, जासु बचन रबि कर निकर।
अर्थात - मैं उन गुरु महाराज के चरणकमल की वंदना करता हूँ, जो कृपा सागर है और नर रूप में श्री हरि याने भगवान हैं और जिनके वचन महामोह रूपी घने अन्धकार का नाश करने के लिए सूर्य किरणों के समूह हैं।
रामचरित मानस की पहली चौपाई में गुरु महिमा बताते हुए तुलसी दास जी कहते है-
बंदऊँ गुरु पद पदुम परागा। सुरुचि सुबास सरस अनुरागा।
अमिअ मूरिमय चूरन चारू। समन सकल भव रुज परिवारू।
अर्थात- मैं गुरु महाराज के चरण कमलों की रज की वन्दना करता हूँ, जो सुरुचि (सुंदर स्वाद), सुगंध तथा अनुराग रूपी रस से पूर्ण है। वह अमर मूल (संजीवनी जड़ी) का सुंदर चूर्ण है, जो सम्पूर्ण भव रोगों के परिवार को नाश करने वाला है।
इसी श्रंखला में वे आगे लिखते है-
श्री गुर पद नख मनि गन जोती,सुमिरत दिब्य दृष्टि हियँ होती।
दलन मोह तम सो सप्रकासू। बड़े भाग उर आवइ जासू।
अर्थात- श्री गुरु महाराज के चरण-नखों की ज्योति मणियों के प्रकाश के समान है, जिसके स्मरण करते ही हृदय में दिव्य दृष्टि उत्पन्न हो जाती है। वह प्रकाश अज्ञान रूपी अन्धकार का नाश करने वाला है, वह जिसके हृदय में आ जाता है, उसके बड़े भाग्य हैं।
बाल काण्ड में ही गोस्वामी जी राम की महिमा लिखने से पहले लिखते है-
गुरु पद रज मृदु मंजुल अंजन। नयन अमिअ दृग दोष बिभंजन॥
अर्थात- गुरु महाराज के चरणों की रज कोमल और सुंदर नयनामृत अंजन है, जो नेत्रों के दोषों का नाश करने वाला है।
गुरु के सम्मुख कोई भेद छुपाना नहीं चाहिए इस बात को तुलसीदास जी मानस के बाल काण्ड में ही दोहे के माध्यम से कहते है-
संत कहहिं असि नीति प्रभु, श्रुति पुरान मुनि गाव।
होइ न बिमल बिबेक उर, गुर सन किएँ दुराव।
अर्थात- संत लोग ऐसी नीति कहते हैं और वेद, पुराण तथा मुनिजन भी यही बतलाते हैं कि गुरु के साथ छिपाव करने से हृदय में निर्मल ज्ञान नहीं होता।
बाल काण्ड में ही शिव पार्वती संवाद के माध्यम से गुरु के वचनों की शक्ति बताते हुए वे कहते है-
गुरके बचन प्रतीति न जेहि,सपनेहुँ सुगम न सुख सिधि तेही।
अर्थात-जिसको गुरु के वचनों में विश्वास नहीं होता है उसको सुख और सिद्धि स्वप्न में भी प्राप्त नहीं होती है।
अयोध्या कण्ड के प्रारम्भ में गुरु वंदना करते हुए हुए तुलसीदास जी कहते है-
जे गुर चरन रेनु सिर धरहीं,ते जनु सकल बिभव बस करहीं।
मोहि सम यह अनुभयउ न दूजें,सबु पायउँ रज पावनि पूजें।
अर्थात- जो लोग गुरु के चरणों की रज को मस्तक पर धारण करते हैं, वे मानो समस्त ऐश्वर्य को अपने वश में कर लेते हैं।इसका अनुभव मेरे समान दूसरे किसी ने नहीं किया।आपकी पवित्र चरण-रज की पूजा करके मैंने सबकुछ पा लिया।
अयोध्या काण्ड में ही राम और सीता के संवाद के माध्यम से गौस्वामी जी एक दोहे में कहते है-
सहज सुहृद गुर स्वामि सिख,जो न करइ सिर मानि ।
सो पछिताइ अघाइ उर.अवसि होइ हित हानि ।
अर्थात- स्वाभाविक ही हित चाहने वाले गुरु और स्वामी की सीख को जो सिर चढ़ाकर नहीं मानता वह हृदय में खूब पछताता है और उसके अहित की अवश्य होता है ।
उत्तर काण्ड में काकभुशुण्डिजी के माध्यम से एक चौपाई में कहते है-
गुरू बिन भवनिधि तरहिं न कोई। जौं बिरंचि संकर सम होई।।
भले ही कोई भगवान शंकर या ब्रह्मा जी के समान ही क्यों न हो किन्तु गुरू के बिना भवसागर नहीं तर सकता।
और भी कईं प्रसंगों के माध्यम से तुलसीदासजी ने गुरु महिमा का वर्णन अपनी रचनाओं में किया हैं। गुरु की महिमा को स्वीकार करने वालों के लिए शब्दों की नहीं भाव की प्रधानता होती है। गुरु के प्रति समर्पण की जरुरत होती है। गुरु पूर्णिमा एक अवसर होता है जब हम गुरु के प्रति सम्मान सत्कार और अपनी तमाम भावनाएँ उन्हें समर्पित करते हैं।

-संदीप सृजन
संपादक - शाश्वत सृजन
ए-99 वी. डी. मार्केट, उज्जैन
मो. 9406649733
इमेल- Shashwatsrijan111@gmail.com

कुकृत्यों के लिए प्रेरित करने में इंटरनेट की भूमिका अहम है


समाज के लिए अभिशाप बन रहा है मोबाइल का आविष्कार
                                                                
     



दुष्यंत कुमार ने कहा था-
"हो गई है पीर पर्वत सी पिघलनी चाहिए
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए ।"

पिछले कुछ दिनों से अखबारों की सुर्खिया नन्हीं कोपलों की चीखों से भरी हुई है । देश के किसी न किसी कोने से रोज कुकृत्य की खबर आती है। विरोध के स्वर पुरे देश में गुंजते है । पीड़िता के लिए न्याय की मांग की जाती है । और कुछ दिनो की गहमा- गहमी के बाद सब ठंडे बस्ते में चले जाते है । होता कुछ नहीं है,  कुछ दिनो बाद फिर इसी तरह की घटना देश में होती है और फिर वही स्थिती बनती है । आखिर क्या वजह है, घटनाएँ कम होने की बजाए बढ़ती जा रही है? 

धर्म और जाति से ऊपर उठकर सोचना होगा समाज को , कि आखिर क्यों कलियों को मसला जा रहा है, क्यों मनुष्य समाज से मनुष्यता के गुण पैशाचिक होते जा रहे है । क्यों माली ही कलियों को कुचल रहे है ?

इसका जवाब है हमारे हाथों में चौबिसों घंटे रहने वाला मोबाइल फोन । 

बचपन में हमें एक निबंध सिखाया गया था "विज्ञान वरदान या अभिशाप", मोबाइल का आविष्कार निंदेह शुरुआत में किसी वरदान से कम नहीं था, लेकिन आज यह अभिशाप बन चुका है । 

हाल ही में उज्जैन में एक पॉच साल की बच्ची के साथ घिनौना कृत्य करने वाले अपराधी को जब पुलिस ने रिमांड पर लिया तो उसने बताया की घटना से पहले उसने मोबाइल पर अश्लील फिल्म देखी और फिर शराब पी कर मासुम के साथ दुष्कृत्य किया और उसकी हत्या करने के लिए नदी में फेक दिया ।

नि:संदेह इंटरनेट के माध्यम से विकास की नई कथाएँ लिखी जा रही है ,वहीं इस तरह के कुकृत्यों के लिए प्रेरित करने में भी इंटरनेट की ही भूमिका अहम है ।

जब मोबाइल में इंटरनेट नहीं था तब भी समाज में अश्लील फिल्में और किताबें थी लेकिन उस समय अश्लील फिल्म देखने वाले, किताबें पढ़ने वाले के मन में भय रहता था की कोई देख न ले । समाज में बदनामी होगी ।

जब से एंड्राइड मोबाइल का दौर आया है दुनिया सच में मुठ्ठी में आ गई । लेकिन ठीक उसी तरह जैसे फसल के साथ खरपतवार होती है, अच्छी और ज्ञानवर्धक सामग्री के साथ अश्लील और सामाजिक वैमनस्यता पैदा करने वाली खरपतवार भी बढ़ती जा रही है। और वर्तमान में यह स्थिती है कि सोश्यल साईड के नाम से जो वेबसाइड चल रही है उन पर हर तीसरी चौथी पोस्ट एडल्ट होती है । यूट्यूब जैसी कई साईडस् है जो हर घर में अश्लील विडियों पहुंचा रही है । माना कि वेबसाइड चलाने वालों का व्यवसाय है ,लेकिन ऐसे घातक व्यवसाय पर सरकारी रोक लगाना बेहद जरूरी है । जो व्यवसाय समाज के नैतिक मूल्यों की गिरावट का कारण हो उस व्यवसाय पर प्रतिबंध होना चाहिए । 
मोमबत्ती जलाकर, जुलुस निकाल कर विरोध करने या अपराधी को फांसी की मांग करने के साथ अपराध की मानसिक स्थिती जिससे पैदा हो उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग जरुरी है । 

हाल ही एक जानकारी सामने आई की पिछले 15 साल में बलात्कार कर हत्या के जितने भी मामलों में मौत की सजा दी गई वे सारे अपराधी अभी तक जेल की रोटियां तोड़ रहे है । 15 साल से सजा पर अमल नहीं किया गया । कारण न्याय व्यवस्था का लचिला होना । आरोप सिद्ध होने के बाद निचली अदालतो के फैसलों पर फिर से बहस होना, दया याचिका के नाम पर राष्टपति के पास अपील करना और उस अपील पर धूल की परत जमने तक कोई विचार या निर्णय नहीं करना । जो की अपाधियों के मन से मौत की सजा के भय को खत्म कर देता है । जो भारतीय न्याय व्यवस्था की बड़ी कमजोरी है ।
समाज को आने वाले समय की भयवाह स्थिती बचाना है, नन्हीं मासुमों और महिलाओं को सुरक्षित जीवन देना है तो भारत सरकार को भारत में इंटरनेट पर चल रहीं पोर्न साइडों पर सख्ती से पाबंदी लगाना होगी । जब तक पोर्न वेबसाइट इंटरनेट पर है तब तक स्वच्छ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती, स्वच्छ भारत का सपना हम सभी देख रहे है लेकिन यह तब संभव होगा जब हमारे समाज के मन और मस्तिष्क में स्वच्छता आएगी ।

-संदीप सृजन
संपादक - शाश्वत सृजन
ए-99 वी. डी. मार्केट, उज्जैन
मो. 9406649733
इमेल- Shashwatsrijan111@gmail.com

लक्ष्य संधान

व्यंग्य:
लक्ष्य संधान

प्रदेश की बड़ी पंचायत के चुनाव की तैयारी का बिगुल बजते ही प्रतिष्ठित राजनीतिक दलों की तैयारी प्रारंभ हो गई। विभिन्न क्षेत्रों से हजारों उम्मीदवारों के आवेदन चुनाव लड़ने के लिए पार्टी कार्यालय में जमा होने लगे थे। पार्टी के वरिष्ठजनों को इन आवेदनों के आधार पर टिकट बांटने थे,लेकिन काम इतना आसान नहीं था। आखिरकार सभी आवेदकों को उनके जिला मुख्यालयों पर बुलाया गया और परीक्षा देने के लिए कहा गया,सभी उम्मीदवार परीक्षा देने को तैयार थे।
एक जिले में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य आधुनिक द्रोणाचार्य के रूप में एक बंद कमरे में एक-एक करके चुनाव लड़ने की इच्छा लिए आए उम्मीदवारों को बुलाने लगे और उनसे सिर्फ एक प्रश्न पूछने लगे-तुम चुनाव क्यों लड़ना चाहते हो ?
भावी उम्मीदवारों में एक ने कहा- जनता की सेवा के लिए।
फिर दूसरे को बुलाया और द्रोणाचार्य ने वही प्रश्न दोहराया।
दूसरे ने कहा-जनता को सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए। फिर तीसरे, चौथे,पांचवें याने जितने भी उम्मीद लेकर आए थे,सभी से एक ही प्रश्न पूछा गया। सबने अपने-अपने विवेक का उपयोग कर जवाब दिया,जैसे-
तीसरे ने कहा-सामाजिक भेदभाव खत्म करने के लिए। चौथे ने कहा-अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए। पांचवे ने कहा-भूख,भय और भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए।
छठे ने कहा-समाजोत्थान व राष्ट्रोत्थान के लिए।
सातवें ने कहा-बदमाश और बेईमानों से शहर को मुक्ति दिलाने के लिए।
आठवें ने कहा-प्रतिद्वंदी पार्टी के उम्मीदवारों को हराने के लिए।
इस तरह के जवाब देते हुए जब करीब पच्चीस लोग कमरे से बाहर आ चुके थे। तभी आखरी उम्मीदवार के रूप में शहर समाजसेवी के रूप में पहचान रखने वाले स्पष्ट वक्ता श्रीमान आधुनिक अर्जुन कमरे में गए। बंद कमरे में बैठे आधुनिक द्रोण ने उनसे भी यही सवाल किया-तुम चुनाव क्यों लड़ना चाहते हो ?
श्रीमान आधुनिक अर्जुन निर्भीक होकर साथ में लाएं मुद्रा से भरा बेग खोलकर आधुनिक द्रोण के समक्ष रखते हैं और कहते हैं-गुड़ खिलाकर शक्कर खाने के लिए।
यह सुनकर आधुनिक द्रोणाचार्य मुस्कुरा देते हैं और श्रीमान आधुनिक अर्जुन कमरे से बाहर आ जाते हैं। द्रोणाचार्य बने पार्टी के वरिष्ठ पूरी रिपोर्ट बंद कमरे में तैयार करके पार्टी मुख्यालय भेजते हैं। पार्टी अध्यक्ष आगामी चुनाव के लिए श्रीमान आधुनिक अर्जुन को पार्टी का अधिकृत प्रतिनिधि घोषित कर देते हैं। चुनाव होता है श्रीमान आधुनिक अर्जुन गुड़ बांटकर चुनाव जीत जाते हैं और महा पंचायत में पहुंचकर शकर खाने में व्यस्त हो जाते हैं। अर्थात सही लक्ष्य साधकर लक्ष्य संसाधन करने लग जाते हैं।

#संदीप सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 
456006 (म.प्र.)
मो. 09926061800