चलो, फुर्सत हो गई अब मर जाओ (व्यंग्य)


एक समय था, जब आदमी कहता था कि मरने की फुर्सत नहीं है, आदमी का ये जुमला सुन कर ही लगाता है कि कोरोना आदमी के फुर्सत से मरने की व्यवस्था करने आया है। लॉकडाउन लगवा कर सबको फुर्सत करवा दी और कह रहा है- लो मरो, अब फुर्सत है। पर मारना कोई नहीं चाहता हर आदमी जिंदा रहने के लिए जुगाड़ लगा रहा है। जुगाड़ इसलिए कि मास्क, सेनेटाईजर दोनों हमारे देश में जुगाड़ के चल रहे है। एन-91 का काम हमारे यहॉ घर पर बनी मुंह पट्टी और गमछा कर रहा है। सेनेटाईजर का काम शहरों में सर्फ का पानी और गॉवों में राख कर रही है।

जो दादी रोज ओटले पर बैठ कर मोहल्लें के लोगों को सुनाते हुए कहती थी कि ‘भगवान मुझे उठा ले- भगवान मुझे उठा ले’ वो भी कोरोना के आते ही घर के अंदर घुस गई है। चौवीस घंटे मास्क लगा कर रख रही है। और दिन रात घर के दरवाजे की तरफ देखती रहती है, कोई अपरिचित घर में आए तो देहरी के भीतर नहीं आने देती। हर अंजान उसे मौत का दूत लगता है। किसी को अपनी खटीया के करीब भी नहीं आने देती। सेनेटाइजर की बोतल सिरहाने ही रखती है और दिन में चालीस बार अपने हाथों पर लगाती है। और अब तो ये कहना भी छोड़ चुकी है कि भगवान मुझे उठा ले।

दिन रात काम और पैसे के चक्कर में जो कहते थे कि मारने की फुर्सत नहीं उनसे कहा जाए चलो फुर्सत हो गई अब मर जाओ। तो हो सकता है कि वे आपके पीछे हंटर लेकर दौड़ पड़े। क्योंकि काम सब बंद हो गये और पैसा आना भी बंद है। ऐसे लोग कसम खा लेंगे कि भूल से भी ये नहीं कहेंगे कि मरने की फुर्सत नहीं। फुर्सत नहीं थी तब कोई जहर खाकर मरने की तैयारी करता, कोई फांसी लगाकर लटकने की सोचता, कोई रेल पटरी पर सोने का मन बनाता। लेकिन कोरोना ने आकर जबसे चपेट में लेना शुरु किया है हर कोई मरने के नाम से ही डरने लगा है।

पहले कोई हार्टअटेक से मरता, कोई सांस रुकने से मरता, कोई छाती में गैस चढ़ने से मरता, कोई गंभीर बिमारी से मरता पर अब तो हर मरने वाला अपनी मौत का इल्जाम इस कोरोना पर ही लगा कर जा रहा हैं। एक कोरोना ने सारे कारण खत्म कर दिए। सोचिए व्यस्त और त्रस्त जिंदगी के बीच एक स्वस्थ जिंदगी जीने का तरीका सीखा दिया। 

कुछ लोग ऐसे होते हैं जिनको घर के लोग जिनको कहते थे ‘काम का न काज का दुश्मन अनाज का’ याने असल जिंदगी में इनके पास कोई काम नहीं होता है दिन रात केवल आभासी काम याने टिकटॉक, फेसबुक, और व्हाटसएप के अलावा उनको कुछ सुझता ही नहीं हैं और सोफे और पलंग पर गड्डे जिनकी वजह से पड़ जाते है, जिनको सुबह उठते ही ताने सुनने पड़ते है। और कोई काम घर से बाहर का बताओ तो पड़ोसी के ओटले पर जा कर आधा घंटा विडियो देखने के बाद काम करके घर आते है। वे अब कोरोना के आने के बाद से अपना जीवन अब बहुत शांति से गुजार रहे है।

उनको अब न ताने सुनने पड़ रहे है और न ही कोई घर से बाहर जाने को बोलता है। घर के लोग भी सोचते है पड़ा रहने दो, घर से बाहर गया तो न जाने कहॉ से सामान के साथ कोरोना ले आया तो लेने के देने पड़ जाएंगे। ये बाहर जाकर वैसे भी कोई बड़ा काम नहीं कर सकता है, कम से कम घर में रहकर आठ-दस व्हटसएप ग्रुप तो चला रहा है। इसके अंडर में दो –ढाई हजार लोग तो है जो बिना पगार के लोगों को सुचनाएँ भेजते है, और कोरोना के विकट दौर में लोगों का मनोरंजन करते है। ये स्मार्टफोन में घुसकर ही स्मार्ट बन गया तो ही अपने भाग्य संवर जाएंगे। वैसे भी सरकार ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर ही तो जोर दे रही है। बाहर जा कर मौत ले आए उससे तो अच्छा ही है कि घर में रहे और काम करे तो साल भर में इसकी लुगाई ला देंगे। बस ये फुर्सत में न रहे। इसे मरने की फुर्सत भी न मिले यही सबकी कामना है।

-संदीप सृजन

संपादक-शाश्वत सृजन

ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन (म.प्र.)

मो. 9406649733

मेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com

सजग हो कर रोका जा सकता है आत्महत्या की प्रवृत्ति को। - संदीप सृजन


सुशांतसिंह यह नाम हर जुंबा पर है। शायद जो लोग उस प्रतिभा सम्पन्न लड़के को पहले नहीं जानते थे। वे भी आत्महत्या के बाद उसे जानने लगे। उसके काम की तारीफ करने लगे और आत्महत्या को घिनौना काम बताते हुए दार्शनिक अंदाज में आत्महत्या को कायराना हरकत बता कर अपने संवेदनशील होने का प्रमाण दे रहे है। धर्म शास्त्रों में आत्महत्या करने वाले को क्या कहा गया है। जो आत्महत्या करता है उसका क्या होता है। ये तमाम बातें अफ़सोस भरे शब्दों में लोग सोशल मीडिया पर और बातचीत में आपस में कर रहे है। संवेदना से भरे तमाम लोग बात तो सही कर रहे है तमाम बातें और जुमलें अब सुशांतसिंह के लिए किसी काम के नहीं है। लेकिन उन बातों को, तथ्यों को और स्थितियों को समझ कर हम थोड़ा भी ध्यान दे तो इनसे भविष्य में आत्महत्या करने वाले को रोका जा सकता है।

सुशांत सिह का जीवन कैसा था, कितनी प्रतिभा उनमें थी, कम उम्र में ही किस ऊंचाई पर वो पहुंचे यह सब उनकी मौत के बाद तमाम टीवी चैनलों ने दिखाया और अपने अपने तर्क दे कर यह बताने की कोशिश की कि सुशांत सिंह ने अपनी जीवन लीला क्यों खत्म करी। हर आत्महत्या के बाद चर्चाओं का इतना नहीं होता। सब जगह चर्चा सुशांत सिंह की थी क्योंकि वे ग्लैमर की दुनिया में थे, पर वे चर्चाएँ अप्रत्यक्ष रूप से मनुष्य समाज के एक पुराने सवाल का जवाब दे रही थी। वो सवाल है-लोग क्यों आत्महत्या करते हैं?


सबसे ज्यादा आत्महत्याएं भारत में होती है

शायद ये पढ़कर आप चौंक जाएंगे कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दुनियाभर में होने वाली आत्महत्याओं को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है, जिसके मुताबिक दुनिया के तमाम देशों में हर साल लगभग आठ लाख लोग आत्महत्या करते हैं, जिनमें से लगभग 21 फीसदी आत्महत्याएं भारत में होती है। यानी दुनिया की सबसे ज्यादा आत्महत्याएं भारत में होती है। देश में शायद ही कोई दिन ऐसा बीतता हो जब देश के किसी न किसी इलाके से गरीबी, भुखमरी, बेरोजगारी, कर्ज जैसी तमाम आर्थिक तथा अन्यान्य सामाजिक परेशानियों से परेशान लोगों के आत्महत्या करने की खबरें न आती हों।

रिपोर्ट का एक चौंकाने वाला तथ्य यह भी है कि भारत में आत्महत्या करने वालों में बड़ी तादाद युवाओं की है, यानी जो उम्र उत्साह से लबरेज होने और सपने देखने की होती है उसी उम्र में लोग जीवन से पलायन कर जाते हैं। इस भयानक वास्तविकता की एक बड़ी वजह यह है कि पिछले कुछ दशकों में लोगों की उम्मीदें और अपेक्षाएं तेजी से बढ़ी हैं, लेकिन उसके सामने अवसर उतने नहीं बढ़े। दरअसल, उम्मीदों और यथार्थ के बीच बड़ा फर्क होता है। यही फर्क अक्सर आदमी को घोर अवसाद और निराशा की ओर ले जाता है। नवउदारीकृत अर्थव्यवस्था ने हमारे सामाजिक और पारिवारिक ढांचे को जिस तरह चोट पहुंचाई है उससे देश में आत्महत्या की बीमारी ने महामारी का रूप ले लिया है। ऐसा नहीं है कि लोग आत्महत्या सिर्फ आर्थिक परेशानियों के चलते ही करते हों, अन्य सामाजिक कारणों से भी लोग अपनी जान दे देते हैं।


आत्महत्या करने वालों की मनोस्थिती


दुनिया की एक बड़ी आबादी कभी न कभी आत्महत्या करने के बारे में सोच चुकी होती है। कुछ लोगों में आत्महत्या करने के विचार बड़े तीव्र होते हैं और लंबे समय तक बने रहते है, तो कुछ में ऐसे विचार क्षणिक होते हैं। कुछ समय बाद उन्हें हैरानी होती है कि आख़िर वे ऐसा कैसे सोच सकते हैं। हालांकि आप किसी को देखकर तो यह नहीं बता सकते कि इस व्यक्ति के मन में क्या चल रहा है इसलिए आमतौर पर आत्महत्या करने वालों के मनोस्थिती की पहचान नहीं कर सकते। लेकिन कुछ मनोवैज्ञानिक बाहरी लक्षण हैं, जो आत्महत्या करने की मनोस्थिति के बारे में थोड़ा-बहुत आइडिया दे देते हैं।

जिनके मन में लगातार नकारात्मक विचार चलते रहते हैं उनका आत्मविश्वास कम हो जाता है। वे अपने मनोभावों को व्यक्त करने नहीं कर पा रहे हो। उनकी खानपान की आदतों में अचानक बड़ा बदलाव देखने मिलता है। ये लोग अपने शारीरिक स्थिती को लेकर उदासीन हो जाते हैं। उन्हें फ़र्क़ नहीं पड़ता कि वे कैसे दिख रहे हैं। एक महत्वपूर्ण बात जो आत्महत्या की प्रवृत्ति वालों में देखी जाती है वह यह कि वे लोगों से कटने लगते हैं। सामाजिक और पारिवारिक लोगों से वे दुरियां बनाने लगते है। और ख़ुद को नुक़सान पहुंचा सकते हैं। कई बार वे ख़ुद को छोटा-मोटा नुक़सान पहुंचाते भी हैं।

आमतौर पर जिन लोगों में ख़ुद को समाप्त करने की भावना आती है, उनका सोचना होता है कि ज़िंदा रहने का कोई मतलब नहीं है। उन्हें जीवन दुख से भरा लगता है। वे ख़ुद को बेकार मानते हैं। धीरे-धीरे उन्हें लगने लगता है कि उनके आसपास के लोग उन्हें पसंद नहीं करते है। कोई उनसे प्यार नहीं करता है। वे महत्वहीन हैं। लोग उनके बिना बेहतर रह सकते हैं। ऐसे लोग एकाकी होने लगते है और अपनी और अपनों की ज़िंदगी की बेहतरी का रास्ता अपने जीवन की समाप्ति में ही देखते हैं। कभी-कभी लोग क्रोध, निराशा और शर्मिंदगी से भरकर ऐसा क़दम उठाते हैं। चूंकि उनकी मनोस्थिति स्थिर नहीं होती अत: ये विचार उनमें आते-जाते रहते हैं। कभी वे बिल्कुल अच्छे से रहने लगते हैं और कभी फिर से अवसाद में चले जाते हैं।

आत्महत्या को प्रेरित करती परिस्थितियां

यह बता पाना संभव नहीं है कि कौन-सा व्यक्ति किस बात को लेकर इतना बड़ा क़दम उठा सकता है। पर कुछ परिस्थितियां आत्महत्या को लेकर व्यक्ति को उस ओर प्रेरित करती है। जिन लोगों को जीवन में असफलता का सामना करना पड़ता है वे दुनिया का सामना करने से डरते हैं और आत्महत्या की ओर क़दम बढ़ाते हैं। जिन लोगों के परिवार या दोस्तों में किसी ने आत्महत्या का रास्ता अपनाया होता है वे भी यह राह चुनने को प्रेरित होते हैं। जो लोग असल ज़िंदगी में लोगों से मिलने-जुलने के बजाय आभासी दुनिया यानी वर्चुअल वर्ल्ड में अधिक समय बिताते हैं, वे भी इस मानसिकता से गुज़रते हैं। आभासी दुनिया का असर ख़तरनाक हो सकता है। जो लोग समाज द्वारा ठुकरा दिए गए होते हैं, उनमें भी ख़ुद को ख़त्म करने की प्रवृत्ति होती है। जिन लोगों को कोई असाध्य बीमारी हो जाती है, वे भी निराशा के दौर में यह क़दम उठा लेते हैं। शराब और ड्रग्स जैसे नशे के आदी लोग भी आत्महत्या करने की दृ‌ष्टि से काफ़ी संवेदनशील होते हैं। कभी-कभी आर्थिक और भावनात्मक क्षति भी लोगों को इस मुक़ाम तक पहुंचा देती है। 

समाज और परिवार की जिम्मेदारी

आत्महत्या की बढ़ती प्रवृत्ति एक तरह से सामाजिक दुर्घटना है। आज व्यक्ति अपने जीवन की कड़वी सच्चाइयों से मुंह चुरा रहा है और अपने को हताशा और असंतोष से भर रहा है। आत्महत्या का समाजशास्त्र बताता है कि व्यक्ति में हताशा की शुरुआत तनाव से होती है जो उसे खुदकुशी तक ले जाती है। आज इंसान के चारों तरफ भीड़ तो बहुत बढ़ गई है लेकिन इस भीड़ में व्यक्ति बिल्कुल अकेला खड़ा है।

हम जिस समाज में रहते है उसमे अगर अचानक या धीरे-धीरे किसी पारिवारिक सदस्य, मित्र में इस तरह के बदलाव दिखते है तो हमें सचेत हो कर उसे भावनात्मक सहारा देना चाहिए। ताकि वो अवसाद की खाई से बाहर निकलकर सोच सके। नकारात्मक सोच को बाहर निकालने का रास्ता दिखाएं। उन लोगों की पहचान करें, जिनसे मिलकर, जिनसे बात कर वो नेगेटिव फ़ील करने लगते हो। ऐसे लोगों को उनकी ज़िंदगी से दूर करे। उन लोगों बीच रखें जो उनको हंसाते हों।आपको अच्छा महसूस कराते हों। आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हों।

अस्त-व्यस्त ज़िंदगी और ग़लत जीवनशैली पर कुछ टीका टिप्पणी करने के बजाए उनको प्रेम से व्यवस्थित रहने, खाने-पीने के लिए उत्साह जगाए। नियमित रूप से कुछ समय उनके साथ व्यायाम या योग करते हुए बिताएं। साथ ही ध्यान और मैडिटेशन करवाए जिससे मानसिक स्थिती में भी एक चमत्कारिक लाभ होता है।
सबसे अहम् बात ऐसे लोगों को अकेले तो भूलकर भी न रहने दे। परिजन या दोस्त संग रहे। उनके संग यात्रा करे। नई जगह पर जाने से थोड़ा तरोताज़ा महसूस करेंगे। सकारात्मक कहानियां और प्रेरक बातें पढ़वाए। यदि आप किसी परिचित से अपने इन मनोभावों को व्यक्त करने में झिझक रहे हों तो किसी मनोचिकित्सक से मिलें। याद रखें, ज़िंदगी से ज़्यादा महत्वपूर्ण कुछ और नहीं होता। हमारे यहॉ मानसिक स्वास्थ्य को लेकर कम ध्यान दिया जाता है और पूरी दुनिया में मानसिक रूप से सेहतमंद बने रहने के लिए कोई योजना नहीं है। जो चिंता का विषय है।

भारत जैसे पारंपरिक रूप से मजबूत तथा परिवार के भावनात्मक ताने-बाने से युक्त धार्मिक और आध्यात्मिक देश में भी खुदकुशी की चाह लोगों में जीवन जीने के अदम्य साहस को कमजोर कर रही है। जबकि विश्व में भारतीयों के बारे में कहा जाता है कि हर विपरीत से विपरीत स्थितियों में जीवित रहने का हुनर इनके स्वभाव और संस्कार में है और इसी वजह से भारतीय सभ्यता और संस्कृति सदियों से तमाम आघातों को सहते हुए कायम है। यदी कोई आपका अपना जीवन से टूट रहा है तो उसे सम्हालें। उसकी मानसिक स्थिती को बदलने का हर संभव प्रयास करे। उसे मानसिक संबल दे ताकि भविष्य में कोई सुशांत सिंह जैसी प्रतिभा, कोई विद्यार्थी, कोई मजदूर या किसान इस दुस्साहस की ओर कदम न बढ़ाए। और हम फिर वही प्रश्न न दोहराए।

-संदीप सृजन

संपादक-शाश्वत सृजन

ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन (म.प्र.)

मो. 9406649733

मेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com


हिंदी साहित्य के इतिहास में तालाबंदी काल (व्यंग्य)



हिंदी साहित्य के इतिहास पुनर्लेखन का समय फिर से एक बार निकट आता दिखाई दे रहा है। वीरगाथा काल से शुरु हो कर भक्ति काल, रीति काल और आधुनिक काल तक लिखे गये इतिहास में अब तालाबंदी (लॉकडाउन) काल को जोड़ना पड़ेगा। लॉकडाउन का सही उपयोग किसी ने किया तो वह हिंदी के रचनाकारों ने किया। कोरोना को देश भगाने के जितने प्रयास किए गये उनमे हिंदी के रचनाकारों ने भी अपने मोबाइल के माध्यम से सोशल मिडिया पर जमकर योगदान दिया। यहॉ तक की इस काल में कई नये रचनाकार भी पैदा हुए। जिनको जीवन पर्यन्त साहित्य का ‘स’ और कविता का ‘क’ छू भी नहीं पाया था वो भी कोरोना की कृपा से कवि हो गये। और अपनी छुपी हुई प्रतिभा से साहित्य समाज को संक्रमित करने लगे।

जो अकवि घर में बैठे-बैठे अभी तक केवल अपनी रोजी-रोटी के चक्कर में सर खपाया करते थे उनको लॉकडाउन में प्रसारित महाभारत बड़ी शिक्षा दे गई। लॉकडाउन उनके लिए कवि-शायर बनने का सुनहरा अवसर लेकर आया। हस्तिनापुर नरेशों की तरह कई कवि और लेखक इस दौरान ऐसे पैदा हुए जिन्होंने किसी शायर की ग़ज़ल के दो शेर लिए और किसी कवि की कविता की चार पंक्तियां ली और जोड़-तोड़ कर एक नई कविता को जन्म दिया और अपनी संतान घोषित कर दिया।
लॉकडाउन काल से पहले तक जो लोग बैंक और बीमा कम्पनी से मुफ्त मिली डायरियों में लिख कर जिंदगी को गुलज़ार रखने का प्रयास करते थे, इस काल में फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हॉटसएप के माध्यम से अपनी तुरन्त जन्मी कविता का ‘जातकर्म’ संस्कार सम्पन्न करवाते नज़र आए। कुछ ऐसे लोग जिनको घरेलु और  ‘बाथरुम सिंगर’ का खिताब प्राप्त था, वे लोगों बच्चों के हाथ में मोबाइल पकड़ा कर अपनी प्रतिभा का सार्वजनिक प्रदर्शन करने लगे।

लॉकडाउन काल में वाचिक परम्परा के कवियों के हाथ से माया और राम दोनों निकल गये। रोज कवि सम्मेलन पढ़ने वाले कवियों को एक कवि सम्मेलन भी नसीब नहीं हुआ । और तो और अपनी पहचान व प्रतिभा को बचाने के लिए बिना पेमेंट लिए रोज नये कपड़े पहन कर फेसबुक/ इंस्टाग्राम पर आना पड़ रहा है। मंच पर चुटकुलों को कविता कहने वालो को ये डर सताने लगा है कि लोगों कहीं ये पता न चल जाए की कविता क्या होती है। अगर पता चल गया तो उनकी रोजी रोटी के लाले पड़ जाएंगे।
बगैर जाम के जूम के माध्यम से झूमती हुई ऑनलाइन काव्य गोष्ठियों ने तो वैश्विक रिकॉर्ड तोड़ दिए है। कुछ कवियों ने तो बकायदा रोज पॉच-छह गोष्ठियों में अपनी सक्रिय भागीदारी भी की और रोजाना बिस्किट की परमानेंट प्लेट सामने रखकर, घर की चाय पी कर, कभी अध्यक्ष तो, कभी अतिथी के रूप में अपनी प्यास बुझाई। आखिर पत्नी को कब तक नई रचना सुना-सुना कर पकाए। कुछ कवियों ने हड़बड़ाहट में इन कवि गोष्ठियों का रिकॉर्ड नहीं रखा, लेकिन जो कवि रिकार्ड रखने में होशियार है वे इतिहास लेखन से पहले गिनीज बुक और वर्ल्ड बुक वालों प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए बाध्य करने की तैयारी कर रहे है। जो कि गिनीज बुक और वर्ल्ड बुक को सम्मान सहित उन्हें प्रदान करना भी पड़ेगा।
फेसबुक के माध्यम से ऑनलाइन आने वालों ने भी लॉकडाउन काल में कुछ कम योगदान नहीं दिया है। रोज किसी ना किसी विषय को लेकर घंटों लंबी चर्चाएं करते है। जो चर्चाएं अभी तक बंद कमरे या किसी स्कुल के हाल में होती थी वह सार्वजनिक होने लगी है। जिनके भाग्य में मुश्किल से अतिथियों सहित पॉच श्रोता होते थे, उन्हें अब बीस-पच्चीस श्रोता मिलने लगे जो कि पूर्वकाल से 4 गुना 5 गुना थे। और वह भी लाइक और पारम्परिक कमेंटस् के साथ। ‘बहुत खूब’, ‘सुंदर रचना’, ‘बधाई सर’, ‘मजा आ गया आपको सुन कर’ ऐसे कमेंटस् लिख कर चर्चा में अपनी उपस्थिती दर्ज करवाने और चर्चा को सफल बनाने वालों का योगदान भी अभूतपूर्व है। क्योंकि उनको भी जीवन में वह सब सुनने को मिल गया जिसे सुनना उन्होने चाहा ही नहीं। हालांकि फेसबुक पर श्रोता कम दर्शक अधिक होते है। पर जब घर बैठे गंगा घर आए तो कौन हाथ नहीं धोए। सर का सम्मान भी हो गया और संबंधों में भी एक बार फिर मिठास घुल गई।

जो ‘कवि कम श्रोता’ थे उनके लिए लॉकडाउन काल स्वर्णिम काल रहा। वे कवि जिनके भीतर कवि सम्मेलन के मंचों पर चढ़ने का कीड़ा तो सालों से कुलबुला रहा था, लेकिन उन्होंने कोई बुला नहीं रहा था और ना कोई जुगाड़ लग पा रहा था ऐसे में यह अवसर उनके लिए तो परमात्मा के दिए किसी दिव्य वरदान से कम नहीं रह। अपना फेसबुक/ इंस्टाग्राम एकाउंट, अपना मोबाइल, अपने शब्द, अपनी मर्जी, सब कुछ अपना यहॉ तक की उन्हें झेलने वाले भी अपने, याने कि जो उनके फेसबुक/ इंस्टाग्राम मित्र हैं । यदि पहुंच थोड़ी लंबी हुई तो किसी समूह या किसी संस्था के बैनर तले बने फेसबुक/ इंस्टाग्राम पर काव्य पाठ कर अपनी भूख मिटा रहे है। कुछ ने तो लंबी कहानियाँ, व्यंग्य और उपन्यास के अंश तक ‘लाइव हावर’ में पढ़ डाले, चाहे उनके श्रोता दो या तीन रहे हो या अंत तक पहुंचते समय शुन्य हो गये हो। लेकिन वर्तमान लॉकडाउन काल में वे फेसबुक लाइव आने वालों की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा गये। और लॉकडाउन के इतिहास लेखकों के लिए सिर दर्द बन गये।
-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन (म.प्र.)
मो. 9406649733

महावीर के सिद्धांत श्रेष्ठतम उपाय है कोरोना को हराने में




आज सारा विश्व कोरोना की चपेट में है, सभी देश अपने-अपने स्तर पर प्रयासों से इसे हराने में लगे हुए है। इस विश्वव्यापी समस्या से निपटने में विश्व के सभी देशों के बीच में भारत एक महाशक्ति बनकर उभरने की तैयारी में है। भारत विश्व की एक तिहाई जनसंख्या वाला देश होने के बावजूद भी कोरोना पर विजय प्राप्त करने की तैयारी में है। जहॉ विश्व कोरोना के सामने घुटने टेक रहा है वहॉ यह कैसे संभव हुआ। आज सारा विश्व अचंभित है। और भारत की तरफ ही नजरें लगाए देख रहा है। यदि हम देखे तो इसका मूल कारण भारतीय संस्कृति और सनातन परम्परा में होने वाले दिव्य महापुरुषों के द्वारा सुझाए गये वे सिद्दांत है। जो हर समय जीव और जगत के कल्याण के लिए बनाए गये थे।
आज से 2619 वर्ष पूर्व भारत में एक ऐसे महामानव का जन्म हुआ। जो स्वयं के कल्याण से ज्यादा जगत के कल्याण का भाव मन में ले कर जन्मे। जो जन्मे तो राज महल में पर अपने कर्मों से लड़ने के लिए तीर्थंकर ऋषभदेव की परम्परा में वैराग्य के पथिक बने और बगैर दैविक और भौतिक सहयोग के कर्म जंजालों को तोड़ते हुए समाज में नई दिशा का सूत्रपात कर गये। वह राजकुमार थे वर्धमान जो दुनिया में जैन धर्म के चौबिसवें तीर्थंकर भगवान महावीर के नाम से जाने जाते है। महावीर की उपाधि वर्धमान कुमार को यूँ ही नहीं दी गई है। वे कर्म करने में विश्वास रखते थे, स्वंय ने अपने तप के बल कर्मों पर विजय प्राप्त की थी और दूनिया को भी कर्म करने का संदेश दे गये । इसीलिए उनको श्रमण भी कहा गया है।


महावीर ने मार्ग दिखाया वे किसी के हमराही नहीं बने और न ही उन्होंने किसी को अपना हमराही बनाया, महावीर ने कहा- “धार्यते इति धर्मः” अर्थात जो धारण किया जाए वह धर्म है। शरीर जिसे धारण करे वह वस्त्र है, उसी तरह आत्मा जिसे धारण करे वह धर्म है। और धर्म को जो धारण करता है वह कभी किसी का अहित नहीं करता है, वह अहिंसक होता है। याने जैसा मैं हूँ वैसे ही अन्य जीव है। जैसा मेरा शरीर है, वैसा ही दुसरों का शरीर है। जैसी मेरी आत्मा है, वैसी ही दुसरों की आत्मा है। जैसे कोई मुझे मारता है तो दर्द होता है, वैसे ही मैं दुसरे को मारुंगा तो उसे भी दर्द होगा। जैसे कोई मुझे गलत कहता है, तो मुझे बुरा लगता है, वैसे ही मै दूसरे को कहूंगा तो उसे भी बुरा लगेगा। अहिंसा इन्हीं वेदना और संवेदना का एकाकार रूप है। दुसरों के दुख की अनुभूति जिसे है। वही सच्चा धर्मी है।
कोरोना की रोकथाम के लिए जितने उपाय विश्व स्वास्थ संगठन और हमारे प्रधानमंत्री की पहल पर किए जा रहे है, वे सब महावीर के अहिंसा सिद्धांत का ही विस्तार है। महावीर ने 2600 वर्ष पहले कहा था सामान्य स्थिती में भी मनुष्य को स्वच्छता का पालन करना चाहिए। जिनमे शरीर, वस्त्र, आहार, भूमि और मन की शुद्धता प्रमुख है। महावीर के सिद्धांतों पर केंद्रित 21 दिवसीय लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंस की पहल सराहनीय है। इसके कारण जहां शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आम व्यक्ति प्रयासरत है। वही आहार और वस्त्र शुद्धि भी स्वतः ही हो रही है। आसपास का परिवेश और पर्यावरण भी इन दिनों में सुधरने के कगार पर है। और जब सारी स्थितियां मनुष्य के लिए सकारात्मक होने लगेगी तो मन का शुद्ध होना एक स्वभाविक प्रक्रिया है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन निवास करता है यह उल्लेख हमारे यहां के प्राचीन शास्त्रों में भी मिलता है। आज व्यक्ति चाहे आर्थिक और पारिवारिक और सार्वजनिक गतिविधियों से दूर है। लेकिन उसे अपने आप को समझने का, अपने आप को सुधारने का, अपने आपको जानने का एक अवसर मिला है। महावीर भी यही कहते थे कि अपने आप को जानो। जो अपने आप को जान लेगा वह संसार को जान लेगा। आप यदि स्वयं सुधरे है, स्वयं साफ-सुथरे हैं। तो दूसरों को भी साफ सुथरा रहने के लिए प्रेरित करेंगे। आप स्वयं अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत हैं। तो दूसरों को भी स्वास्थ्य के लिए सचेत करेंगे।




महावीर का हर सिद्धांत 'जियो और जीनो दो' पर आधारित है। आज हम परिग्रह के चक्रव्यूह में उलझे है। लेकिन इस 21 दिन के लॉकडाउन से अपरिग्रह को समझने और अपनाने का अवसर मिला है। जो मेरा है वो सबका है। मुझे जितना चाहिए वो मिल गया दुसरों के अधिकारों पर मैं क्यों कब्जा करुं। यह जिसने समझ लिया उसके लिए सारा संसार अपना घर परिवार होगा। और हमारी “वसुधैव कुटुम्बकम्” अवधारणा साकार हो जाएगी। महावीर ने कहा कि उतना रखो जितनी आवश्यकता है, यानी 'पेट भरो- पेटी नहीं।' यदि आज हम महावीर के इन सिद्धांतों  को मान लें और इसका अनुसरण करें तो विश्व भर में सामाजिक खुशहाली होगी। और सारे विश्व में सच्चा समाजवाद स्थापित हो सकेगा।
महावीर ने संसार को अनेकान्तवाद का आदर्श पाठ सिखाया। यानी मैं जो कह रहा हूं। वह भी सत्य है और जो दूसरे कह रहे हैं वह भी सत्य हो सकता है। हम हर तरफ अपनी आंख और कान खुले रखें। देश-विदेश हो, समाज हो, जाति हो या परिवार आपसी संघर्ष का मुख्य कारण है वैचारिक वैमनस्यता। लेकिन अनेकान्तवाद ही एकमात्र औषधि है जो इस वैचारिक वैमनस्यता की बीमारी को जड़ से समाप्त कर सकती है।



कोरोना के संक्रमण को मिटाना है तो हमें अपने आप में केन्द्रीत होना पड़ेगा, सामाजिक दुरी रखनी होगी। साथ ही शरीर की शुद्धि तथा आहार की शुद्दि पर सबसे ज्यादा ध्यान देना होगा। विश्व में जो महामारी फैलाकर तीसरे विश्व युद्ध का अप्रत्यक्ष आगाज़ किया है। इससे बचे रहने के लिए महावीर के सिद्धांत ही श्रेष्ठतम उपाय है। समस्याएं महावीर के युग में भी थी, वर्तमान में भी है और आने वाले समय में भी होगी पर महावीर के दिखाए अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत का मार्ग यदी हम अपनाए तो विश्व की हर समस्या का हल हमें अपने आसपास ही मिल जाएगा। हमें कहीं और ढूढ़ने की जरुरत नहीं है।
-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन           
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन (म.प्र.)
मो. 9406649733
मेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com


जनचेतना जगाती कृति- 'नदिया का संगीत'




*कृति- नदिया का संगीत
*लेखक- टीकम चन्दर ढोडरिया
*प्रकाशक- बोधि प्रकाशन, जयपुर
*पृष्ठ- 80
*मूल्य-100/-
भारतीय छंद शास्त्र में दोहा सर्वाधिक प्रचलित छंद है, भक्ति काल से वर्तमान काल तक दोहा छंद हर कवि को किसी न किसी रूप रास आया है। 13-11 मात्राओं के दो पदों में कवियों ने नवरसों को समाहित किया हैं। किसी भी विषय पर दोहा छंद में आसानी से और त्वरित कोई भी बात कही जा सकती है।हाल ही में कविवर टीकम चंदर ढोडरियाजी का दोहा संग्रह “नदिया का संगीत” बोधि प्रकाशन जयपुर से प्रकाशित हुआ है। जैसा कि नाम से ही पता चलता है कि यह संग्रह नदी पर केंद्रित है। साथ ही 31 अन्य विषयों पर भी इस कृति में दोहे समाहित है। लेकिन सबसे ज्यादा 116 दोहे केवल नदी पर केंद्रित है। ढोडरिया जी वर्तमान में राजस्थान में निवासरत है, लेकिन कहीं न कहीं उज्जैन शहर जो कि मध्य प्रदेश की धार्मिक राजधानी है उससे उनका बेहद जुड़ाव रहा है यह बात इस संग्रह के प्रारंभ में ही देखने को मिलती है। इस संग्रह की शुरुआत ही वे उज्जयिनी की स्तुति शीर्षक से लिखे सात दोहों से करते हैं, और फिर अपनी कृति के शीर्षक विषय नदी पर आते हैं। इस कृति में नदी को विभिन्न स्वरूपों से अलंकृत किया गया है जिसकी बानगी अलग-अलग दोहों में पढ़ने को मिलती है। वे लिखते हैं-

सुचिता की मूरत नदी, गरिमा की पहचान।
पहने हैं निज- देह पर, लहरों का परिधान।।
नदिया पर बूंदे गिरीं, कल जब मेरे गाँव।
मैं समझा तुम आ गयीं, पायल बांधे पाँव।।
वही आज की नदियों की बदतर स्थिति पर भी लिखने से नहीं चूकते हैं और नदियों के दर्द को इन शब्दों में कहते हैं-
अमरित-सम था जल कभी, आती आज सड़ांध।
क्या से अब क्या कर दिया, है मानव स्वार्थांध।।
कितना मैला हो गया, आज नदी का नीर।
खदबद अब करने लगी, देखो उसकी पीर।।

दोहा छंद की विशेषता है कि इस छंद में बात सहज और सरल शब्दों में कही जा सकती है। जैसा नदी और नारी पर समानता बताते हुए दोहे में ढोडरियाजी ने कही है।
नदिया नारी का रहा, सदा एक व्यवहार।
औरों के सुख हेतु वह, सहती कष्ट अपार।।
नदी की बात जब कभी की जाती है तो जंगल की बात होना स्वाभाविक है, अगले विषय के रूप में ढोडरियाजी वनों की पीड़ा को अपने शब्द देते हैं-
ज्यों-ज्यों सभ्य हुआ सखे, बढ़ी मनुज की भूख।
गुमसुम से रहने लगे, अब जंगल के रूख।।
शहरी सभ्यता के चलते वनों का जो हाल हमने किया है उस पर भी ढोडरियाजी लिखते हैं-
सिसक रही हैं डालियाँ, लगे काँपने पात।
जंगल में जब से घुसी, शहरी आदम जात।।

वर्तमान में सबसे ज्यादा कविता जिस विषय पर लिखी जा रही है, वह विषय है बेटी, बेटी के प्रति वे अपनी अभिव्यक्ति को शब्दों का जामा पहनाते हो कहते हैं-
गणित दुई की एक-सी, पीहर या ससुराल।
बिटिया हल करती रही, दोनों जगह सवाल।।
इस विषय पर 15 दोहे लिखे हैं, जो पाठकों की आँखों में पानी ला देंगे। गांव शीर्षक से कृति में 13 दोहे हैं। जिनमें गांव के शहर बनने की पीड़ा और पुरातन गाँव का स्वरूप है। इन दोहों मे कुछ ऐसे शब्द पढ़ने को मिलते हैं जो आज के शहरी वातावरण में लुप्तप्राय हो चुके हैं। शहरी समाज या कहे कि शहरी सभ्यता का इन शब्दों से दूर-दूर तक का वास्ता नहीं है। ढोडरियाजी पुनः गाँव ले जाना चाहते पाठकों को वे लिखते है-
परहैण्डी, पनघट सजे, जगे अलगनी भाग।
हम से बतिया ने लगे, फिर चूल्हे की आग।।
काँकड़ से पहुंची नजर, ज्यों ही मेरे गाँव।
अगवानी को आ गई, यादे नंगे पाँव।।

नदिया का संगीत में विभिन्न ऋतुओं, त्यौहारों,जीवन के विभिन्न प्रसंगों पर केन्द्रीत दोहे है। साथ ही रति भाव से ओतप्रोत श्रंगार रस में भींगे दोहे भी बहुत शालिन शब्दों में ढोडरियाजी ने कहे है। दोहों की बात हो और कबीर का सुफियाना दार्शनिक अंदाज न दिखे तो बात अधुरी लगती है। जीवन का आधार, होगा वहीं हिसाब,कैसे खोजूँ राम,यक्ष प्रश्न जैसे शीर्षक के साथ दार्शनिक दोहे इस कृति को एक चिंतनशील कृति निरुपित करते है। कृति के सारे दोहे कुछ न कुछ कहते है। हर विषय रूचिकर है। सामयिक है। हॉ कुछ जगह शब्दों का दोहराव जरूर पाठकों पसंद न भी आए पर रचनाकार की प्रतिभा को दर्शाता है। जिनमें शब्द वहीं है पर बात हर जगह अलग है। बोधि प्रकाशन ने कृति को आकर्षक रूप में पाठकों तक पहुंचाया है। यह कृति विषय के अनुसार जनचेतना जगाती कृति है। पाठकों को अपने भूतकाल में झांकने को विवश करती है। हम कैसे थे, कैसे हो गये ये सोचने पर मजबूर करेगी। एक चिंतनशील कृति समाज में लाने के लिए ढोडरियाजी को साधुवाद... बधाई।

 चर्चाकार 
-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733