सिर्फ उज्जैन मे मनाई जाती है हनुमान अष्टमी

सिर्फ उज्जैन मे मनाई जाती है हनुमान अष्टमी
——————————————

पौष कृष्ण अष्टमी 25 दिसंबर को हनुमान अष्टमी मनाई जा रही है।
हनुमान अष्टमी का आयोजन पूरे भारत में केवल उज्जैन में ही होता है। त्रेता युग में लंका युद्घ के समय जब अहि रावण भगवान राम-लक्ष्मण को पाताल ले जाकर उनकी बलि देना चाहता था, तब हनुमानजी ने अहि रावण का वध कर भगवान को बंधन मुक्त किया था तथा पृथ्वी के नाभि स्थल अवंतिका में आकर विश्राम किया। 
भगवान ने प्रसन्न होकर आशीर्वाद दिया कि पौष कृष्ण अष्टमी को जो भक्त तुम्हारा पूजन करेगा, उसे कष्टों से मुक्ति मिलेगी। तभी से यह पर्व उत्साह से मनाया जाता है । कहते हैं कि यह हनुमानजी का विजय उत्सव है। जब भगवान श्रीराम लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे और विजय उत्सव मनाया जा रहा था, तब श्रीराम ने कहा कि यह तो हनुमानजी की विजय है। 
साथ एक किवदंती भी प्रचलित है की ...माता सीता को मांग मे सिंदूर लगाते देख हनुमान जी ने पूछा - माता आप यह सिंदूर क्यो लगाती है? तो सीता जी ने कहा - सिंदूर लगाने से तुम्हारे प्रभु प्रसन्न होते है । तब हनुमान जी ने सोचा माता चुटकी भर सिंदूर माथे पर लगाती है तो प्रभु राम जी प्रसन्न होते है तो क्यो न मै अपने पूरे शरीर पर लगा लू भगवान सदा मुझ पर प्रसन्न रहेंगे । और हनुमान जी ने अपने पूरे शरीर पर सिंदूर लगा लिया । वह दिन था पौष कृष्ण अष्टमी का इस दिन हनुमान जी ने पहली बार अपने हाथों अपने शरीर पर सिंदूर लगाया था जिससे भगवान राम जी सदैव उन पर प्रसन्न रहे ।( संदीप सृजन)

शब्द प्रवाह को कादम्बरी सम्मान

शब्द प्रवाह को साहित्यक पत्रकारिता सम्मान
-----------------------------------------------------------
जबलपुर की साहित्यक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था "कादम्बरी "द्वारा वर्ष 2013 का स्व.विश्वम्भरदयाल अग्रवाल हिंदी साहित्यक पत्रकारिता सम्मान दैनिक भास्कर ग्रुप के सौजन्य से उज्जैन से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका "शब्द प्रवाह " को को प्रदान किया गया ।यह सम्मान जबलपुर मे27 नवम्बर को आयोजित कादम्बरी के भव्य सम्मान समारोह मे आयुर्विज्ञान वि. वि. जबलपुर के कुलपति डॉ.  डी.  पी.  लोकवानी, ,सरस्वती सुमन के संपादक डॉ.  आनंद सुमन सिंह, आचार्य भगवत दुबे, डॉ. गार्गिशरण मिश्र मराल राजेश पाठक ने शब्द प्रवाह के संपादक संदीप सृजन को प्रदान किया ।
आभार ...धन्यवाद ...कादम्बरी जबलपुर

हिन्दी दिवस पर दोहे - संदीप सृजन

हिन्दी दिवस पर कुछ दोहे ...

हिन्दी है सबसे सरल, भारत की पहचान ।
हिन्दी भाषा मे बसा, भारत का सम्मान ।।

शब्द शब्द में लोच है, अक्षर अक्षर गोल ।
हिन्दी जैसा है यहाँ, दुनिया का भूगोल ।।

अपनी भाषा बोलियाँ, कभी न जाना भूल ।
अपनी भाषा जब मिले, खिलते मन के फूल।।

भाषा का सच जानिए, यही ज्ञान का मूल ।
अपनी डाली छोड़कर, भटका है हर फूल।।

अपने श्रम औ' भाग्य पर, करें पूर्ण विश्वास।
हिन्दी के बल पर यहाँ, रचें नया इतिहास।।

हिन्दी भाषा प्रेम की, इसके मीठे बोल।
हर रिश्ते के साथ है, मिश्री अमृत घोल।।

हिन्दी में बातें करें, हिन्दी में व्यापार ।
हिन्दी मे कानून हो, हो भारत उद्घार।।

हिन्दी भाषा विश्व में, पहली सर्व महान।
अपनी भाषा को मिले, प्रथम मान सम्मान।।

पखवाड़े औ' दिवस से, ना होगा उत्थान ।
हिन्दी को अब चाहिए, माँ समान सम्मान।।

आओ मिलकर हम करें, हिन्दी का सम्मान ।
हिन्दी अपने देश की, आन बान औ' शान।।

@संदीप सृजन

शब्द प्रवाह क्षणिका विशेषांक का लोकार्पण

उज्जैन से प्रकाशित साहित्यिक पत्रिका शब्द प्रवाह के क्षणिका विशेषांक का लोकार्पण 25 अगस्त 2013  को मध्य प्रदेश लेखक संघ भोपाल की गजल गोष्ठी मे प्रादेशिक संस्थापकअध्यक्ष  श्री बटुक चतुर्वेदी, वरिष्ठ शायर श्री अबरार नगमी, श्री हरिप्रकाश जैन हरि (शिवपुरी) ने किया ,इस अवसर पर शब्द प्रवाह के संपादक संदीप सृजन, राजेश रावल सुशील,  राजेश राज, राजेश राजकिरण उपस्थित थे ।

फ्रेंडशिप डे

मित्रता दिवस की शुभकामनाओं सहित...

इस जीवन मे दे सके, जिसे सभी अधिकार ।
मित्र बनाए उसी को , खोल हृदय के द्वार।।

मित्र उसी का नाम है, जिस पर हो  विश्वास ।
कभी नही भूले जिसे, आती जाती सांस ।।

मित्र ऐसा हो जग मे, हो अंतस मे कैद ।
जिसके सम्मुख खोल दे,  मन के सारे भेद ।।
@संदीप सृजन