रोटी-भूख-निवाला देखा (ग़ज़ल)

एक ग़ज़ल
---------------------------
बरसों बाद उजाला देखा
रोटी-भूख-निवाला देखा

कैकई से जब मिली मंथरा
राम का देश निकाला देखा

मिलेगी उनको मंजिल कैसी
जिसने पाँव का छाला देखा

झूठ शहर में चल निकला है
सच के मुँह पर ताला देखा

सत्ता का जब हुआ स्वयंवर
तन गोरा मन काला देखा
@संदीप सृजन

दोहा

हमने जब देखा कभी, कुछ सुन्दर सा ख्वाब|
राज महल हिलने लगे,दहल उठे महराब ||
@संदीप सृजन

सुंदर ख्वाब =भ्रष्टाचार मुक्त भारत
राज महल = राज नेता
महराब = अफसर

जीवन की सच्चाई लिख दी

एक ग़ज़ल
**************
मैने पाई -पाई लिख दी
जीवन की सच्चाई लिख दी

तीखी धूप पडी आँगन मे
बरगद की परछाईं लिख दी

मीठी बाते जिनको भाती
उनको खूब मिठाई लिख दी

तारो की बारात के संग
सूरज की शहनाई लिख दी

बचपन की चंचलता छोड़ी
कुछ ऐसी गहराई लिख दी
@संदीप सृजन





दोहा

दुख के सूरज के यहाँ, टिक ना पाए पॉव|
बूढे बरगद की रही,घर आंगन मे छाँव||
@संदीप सृजन
े

दोहा

सूरज ने सिर पर रखा,अंगारो का ताज|
तब जाकर वह कर रहा,सारे जग पर राज||
@संदीप सृजन