जनवरी की धूप

कुछ अंगड़ाई लेती
कुछ आलस मोड़ती
कुछ सुबकती
कुछ रुआसी
कुछ अनमनी
कुछ ठिठुरती
हुई आती है।
बादलों की रजाई से
बाहर निकल कर
स्कूल जाते बच्चों के साथ
स्कूल जाने के लिए
आजकल धूप।
सच में, कोई फर्क नहीं होता है
स्कूल जाते बच्चों और
जनवरी की धूप में ?
-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733

समाज में मनुष्यता के प्रतिस्थापक भगवान पार्श्वनाथ



सनातन धर्म की पावन गंगोत्री से निकले विभिन्न धर्मों में जैन धर्म भारत का सर्वाधिक प्राचीनतम धर्म है। चौबीस तीर्थकंरों की समृद्ध जनकल्याण की परम्परा, जो वर्तमान अवसर्पिणी काल में ऋषभदेव से लेकर महावीर तक पहुंची, उसमें हर तीर्थंकर ने अपने समय में जिन धर्म की परम्परा को और आत्मकल्याण के मार्ग को समृद्ध किया है तथा संसार को मुक्ति का मार्ग दिखाया है।
काल के प्रवाह में ऐसा होता आया है कि एक महापुरुष के निर्वाण के बाद उसका प्रभाव तब तक ही विशेष रूप से जन सामान्य में रहता है जब तक की उसके समान कोई अन्य महापुरुष धरती पर अवतरित न हो। लेकिन कुछ महापुरुष इसका अपवाद होते है। जैन धर्म के चौबीस तीर्थंकरों में तेवीसवें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के बाद भगवान महावीर हुए लेकिन भगवान पार्श्वनाथ के प्रभाव में कोई कमी आज तक नहीं आई है। जैन मान्यताओं के अनुसार वर्तमान में भगवान महावीर का शासन चल रहा है लेकिन सर्वाधिक जैन प्रतिमाएँ आज भी केवल भगवान पार्श्वनाथ की ही है। जैन मंत्र साधनाओं में भी सर्वाधिक महत्व पार्श्वनाथ के नाम को ही दिया जाता है।
भगवान पार्श्वनाथ का जन्म भगवान महावीर के जन्म से 350 वर्ष पहले हुआ। सौ वर्ष की आयु उनकी रही तदानुसार लगभग तीन हजार वर्ष पहले वाराणसी के महाराजा अश्वसेन के यहॉ माता वामा देवी की कुक्षी से पोष कृष्ण दशमी को हुआ। राजसी वैभव के बावजूद आत्मा में असीम करुणा का भाव जो सांसारिक जीवन में उनको लोकप्रिय बना देता है। वे उस दौर के तमाम आडम्बरों के बीच एक कमल पुष्प थे। धर्म और समाज में फैली हिंसा और कुरीतियों के बीच एक धर्म पुरोधा थे। जो मनुष्य समाज में मनुष्यता के गुण करुणा, दया, अहिंसा के जीवन की प्रतिस्थापना करने को आए थे।
जैन धर्म ग्रंथो में एक प्रसंग आता है- जब भगवान पार्श्वनाथ मात्र उम्र सोलह वर्ष थे तब वाराणसी नगरी में एक तापस आया जो नगर के मध्य अग्नी तप कर रहा था। और सारा नगर उस तापस के इस हठ योग से प्रभावित हो कर उसके दर्शन के लिए जा रहा था। ऐसे में लोक व्यवहार अनुसार पार्श्वकुमार भी वहॉ पहुंचे। तभी उन्होने अपने ज्ञान से देखा की तापस ने जो लकड़ी अपने सामने जला रखी है उसमें नाग नागिन का जोड़ा है, और वो जल रहा है। पार्श्वकुमार ने तापस से कहा कि- योगी आपके इस हठ योग में जीवों की हिंसा हो रही है। इस पर तापस क्रोधित हो गया और अशिष्ठ भाषा का प्रयोग पार्श्वकुमार के प्रति किया। तभी पार्श्वकुमार ने अपने कर्मचारी को आदेश देते हुए काष्ठ के उस टुकड़े को आग से निकालने कर उसे चीरने को कहा, जैसे ही कर्मचारी ने लकड़ी को चीरा उसमें से जलता हुआ नाग नागिन का जोड़ा निकला जो मरणासन स्थिती में पहुँच चुका था । पार्श्वकुमार ने जलते नाग नागिन के प्रति अपनी करुणा बरसाते हुए उनको नमस्कार महामंत्र सुनाया और बोध दिया कि वैर भाव को त्याग करे और समाधी मरण का वरण करे। पार्श्वकुमार की वाणी उस समय उस सर्प युगल के लिए किसी अमृत से कम नहीं थी। क्योंकि कहा जाता है ‘अंत मति सो गति’। पार्श्वकुमार के वचनों से उनके मन से वैर भाव खत्म हुआ और वे समाधी मरण को प्राप्त कर देव लोक में धरणेन्द्र और पद्मावती नाम से इन्द्र और इन्द्राणी बने। जो की भगवान पार्श्वनाथ के जीवन काल में हर समय उनके साथ रहे और माना जाता है कि आज भी भगवान पार्श्वनाथ का स्मरण करने वाले के साथ रहते है।
भगवान पार्श्वनाथ करुणावतार तो थे ही वे कर्मावतार भी थे उन्होने अपने सत्तर साल के दीक्षा पर्याय में कभी किसी से सहायता की याचना नहीं की अपने तपोबल के माध्यम से केवल ज्ञान को प्राप्त किया। और मोक्ष को गये। भगवान पार्श्वनाथ कर्मकांड और आडम्बर को धर्म नहीं मानते थे वे जीवंत धर्म को ही धर्म मानने और उसकी प्रतिस्थापना करने के लिए धरा पर आए थे। उन्होंने करुणा, दया, परोपकार और जगत कल्याण के कार्यों को धर्म बताया और उसी तरफ जगत के जीवों के ले जाने के लिए उपदेश दिया। भगवान पार्श्वनाथ का जन्मकल्याणक मनाते हुए हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट,
उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com

राजनीति में बीज गणित का सवाल -महाराष्ट्र (व्यंग्य)




राजनीति करने वाली ताकतें सच में बेहद ताकतवर होती हैं । हम सोच भी नहीं सकते उससे भी ज्यादा ताकतवर होती हैं। सिर्फ ताकतवर ही नहीं होती है, देश को जोड़ने, तोड़ने के साथ सरकारों को बनाने, बिगाड़ने और दिग्भ्रमित करने का इनमें अप्रतिम कौशल होता है। सरकार बनाना कोई मजाक या बच्चों का खेल नहीं है। आपकी और हमारी सरकार तो घर भी ठीक से नहीं चला सकती है तो प्रदेश और देश की कल्पना करना दिन तारे ढूंढने जैसा है। अगर आपको खुदकुशी भी करनी है तो उसके लिए एक लंबी तैयारी करनी पड़ेगी। खुद को दिमागी तौर पर तैयार करने के बाद कुछ जरुरती सामान का जुगाड़ भी करना पड़ेगा। सोचिए जब खुद की जान लेना हो तो इतना सोचना पड़ता है तो रात भर में सरकार बनाना कितना मुश्किल होगा। बहुत ही जोखिम भरा काम है सरकार बनाना।
किसी के राय मशवरों पर एक रात में पानी फेर देना आपके और हमारे बस की बात नहीं है। आप और हम ठहरे सामान्य आदमी, पारिवारिक आदमी, कामकाजी आदमी और भारतीय नैतिक मूल्यों की दुहाई दे कर जीवन को गधे की तरह ढोने वाले आदमी, जो केवल मतदान कर अपने आप को इस लोकतंत्र का राजा मान लेते है। जबकि सच ये है कि सरकार का ढ़ाचा हम बना सकते है पर उपर का रंग रोगन और इंटीरियर डेकोरेशन हमारे हाथ में बिलकुल नहीं होता है क्योकि हममें राजनीति की समझ ही नहीं है।
आज देश में कहीं भी विधानसभा चुनाव हो निन्यानवें टका सरकारें मोठा भाई की बन रही है। एक टका कहीं दूसरे ने बना भी ली तो उनको रात को सपने में मोठा भाई मिटिंग करते दिखते है । और ये ही डर बना रहता है की सुबह सरकार न बदल जाए। महाराष्ट्र में सरकार बनाने की जिद पर अड़े लोग अड़े के अड़े ही रह गये और मोठा भाई ने पिछवाड़े से बिना बारात के सत्ता सुंदरी और फडणवीस का लग्न करवा दिया और तो और जिसने पीछे से निकलने में मदद करने वाले छोटे पंवार को भी छोटी बेन दिलवा दी। दरवाजे पर अड़े और बातचीत कर रणनीति बनाने वालों को कानों-कान खबर नहीं होने दी कि लग्न हो गये और बारात घर आ गई। मोड़ बांधने की जिद अड़े छोटे ठाकरे को कुंवारा ही रहना पड़ा। और बापदादा की इज्जत की धज्जियां उड़ी वो अलग। 
लोकसत्ता की तुलना नगरवधु से की जाती रही है। और नगरवधु के प्रेम में अक्सर इज्जत का फालूदा बनता ही बनता है। इसका इतिहास गवाह है। फडणवीस ने शुरु से मोठा भाई की बात मानी और बिना तर्क सत्ता सुंदरी का त्याग कर दिया उसी का परिणाम है कि सत्ता सुंदरी को कोई और भोगे इसका रास्ता ही बंद हो गया और छोटे पंवार की दुखती रग पर हाथ रखा और छोटी से जुगाड़ कर देने की जुबान करके फिर से फडणवीस को सत्ता सूंदरी ससम्मान दिला दी।
ये सब सामान्य राजनीति के गणित नहीं है जिनको अंक गणित की तरह आप और हम समझ ले, ये सब काम उस बीज गणित की तरह है जिसका साईन, कॉस, थीटा और एक्स के मान को पढ़-पढ़ कर दिन रात हमने सिर खपाया पर परिक्षा के समय कुछ भी याद नहीं आया। सारे रटे हुए सवाल बेकार गये और नये सवाल आ गये। राजनीति के धंधे में दिन-रात जोड़, घटाव, गुणा, भाग लगा लो पर परिक्षा के समय केवल बीज गणित के सूत्र ही काम में आते है।जिनमे कई रहस्य छुपे होते है।
अंक गणित की तरह आप और हम केवल कांदा, टमाटर, पेट्रोल, डिजल और जातिवाद आदी सामने दिखने वाले मुद्दो को ही राजनीति समझते है लेकिन असल में राजनीति बीज गणित के एक्स के मान की तरह होती है। जैसे कि मोठा भाई ने पूर्ण संख्या फडणवीस में एक्स के रुप में छोटे पंवार का जोड़ किया तो संख्या वह बन गई जिसकी कल्पना वे सब संख्याएँ नहीं कर सकी जो महाराष्ट्र की सत्ता सूंदरी का वरण करने की चाह में पगड़ी पर मोड़ कलंगी बांधे बैठी थी। सबकी पगड़ी रह गई और दुल्हन फिर वही ले उड़ा। अब तो सांप निकलने के बाद लाठी पीटना ही बचा है केवल बाकी दुल्हों के हाथ में ।

-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट,
उज्जैन 456006
मो. 09406649733

उज्जैन में बैकुंठ चतुर्दशी पर हरिहर मिलन का अद्भूत नजारा

भारतीय संस्कृति व्रतों, त्यौहारों और पर्वों की संस्कृति है। हर तिथि किसी न किसी देवी-देवता को समर्पित है और इन तिथियों के अनुसार देवी-देवताओं को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए पर्वों का आयोजन किया जाता है उनकी उपासना करते हुए हर्षोल्लास के साथ त्यौहारों को मनाया जाता है। कार्तिक मास की चतुर्दशी तिथि को बैकुंठ चतुर्दशी कहा जाता है और इस दिन भगवान विष्णु के साथ महादेव की पूजा का विधान है। बैकुंठ चतुर्दशी की पूजा मध्य रात्री यानी निशिथ काल में की जाती है। मान्यता है कि बैकुंठ चतुर्दशी को श्रीहरी और महादेव की उपासना करने से पापों का नाश होता है और पुण्य फल का प्राप्ति होती है।
महाकाल की नगरी में बैकुंठ चतुर्दशी पर हरिहर मिलन का अद्भूत समागम होगा। साल में केवल एक दिन ऐसा आता है जब बिल्वपत्र की माला पहनने वाले शिव तुलसी की माला पहनते है और हमेशा तुलसी माला पहनने वाले विष्णु बिल्व पत्र की माला धारण करेंगे। यह नजारा दिखेगा केवल वैकुंठ चतुर्दशी की रात बड़े गोपाल मंदिर में होता है। रात 11 बजे बाबा महाकाल की सवारी निकलती है जो गुदरी चौराहा, पटनी बाजार होकर सिंधिया ट्रस्ट के द्वारकाधीश गोपाल मंदिर जाती है। गोपालजी के सामने महाकाल विराजते है, दोनों मंदिरों के पुजारी पूजन अभिषेक करते है। संकल्प के माध्यम से शिव यानी महाकाल चार महीने तक पृथ्वी की देखभाल के बाद गोपालजी यानी विष्णु को फिर से जिम्मेदारी देते है। वर्ष में एक बार भगवान महाकाल चांदी की पालकी में बैठकर रात में हरि यानी विष्णु से मिलने जाते हैं। इस अद्भुत मिलन को देखने हजारों लोग उमड़ते है। सवारी के बाद गोपाल मंदिर में दो घंटे अभिषेक चलता है। हरिहर मिलन बाद शिव विष्णु को तुलसी व विष्णु शिव को बिल्वपत्र की माला पहनाकर सृष्टि का भार सौंपते है। रात में पुन: सवारी महाकाल मंदिर लौटती है। मान्यता है देवशयनी एकादशी पर जब विष्णु शयन के लिए क्षीरसागर में जाते हैं तो वे पृथ्वी को संभालने का भार शिव को दे जाते हैं।  चातुर्मास के चार माह सृष्टि का संचालन भगवान शिव द्वारा किया जाता है।  
दूसरे दिन कार्तिक पूर्णिमा का स्नान शिप्रा के रामघाट पर किया जाता है। इसी दिन शिप्रा में दीपदान भी होता है जो देखने लायक नजारा होता है। रात में नगर में निकलने वाली हरिहर मिलन की सवारी में प्रशासन ने हर बार की तरह श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए धारा 144 के अंतर्गत हिंगोट व रॉकेट आदि खतरनाक पटाखे छोड़ने पर प्रतिबंध लगाया है।
-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- shashwatsrijan111@gmail.com 

हर दिल अजीज थे कवि सननजी



मैंने प्यार पाया है महफिलों में लोगों से ।
वरना मेरी जिंदगी तो जिंदगी नहीं होती।।


इस पंक्तियों के लेखक उज्जैन शहर में पिछले तीन दशक से साहित्यिक गोष्ठियों और कवि सम्मेलनों में अपनी एक अलग पहचान वाले पं. अरविंद त्रिवेदी सनन 7सितम्बर 2019,रविवार को अचानक हृदयाघात के कारण अनंत की यात्रा पर निकल गये। कविता,गीत,गजल,दोहे,छंद सब कुछ उन्होंने लिखें और सबसे महत्पूर्ण बात सामयिक रचना कर्म में उनका कोई तोड़ नहीं था, देश में कोई भी घटना हो या कोई विशेष अवसर हो वे त्वरित रचना लिख देते थे। जहॉ मंचों पर वे बहुत ही मनोरंजक और हॉस्य प्रधान प्रस्तुति दे कर श्रोताओं को खूब हंसाते थे वहीं गोष्ठियों और पारिवारिक मंचों पर दर्शन और अध्यात्म से भरपूर रचना का पाठ करते थे । इसीलिए वे अक्सर अपनी गजल में कहते थे-

मैं जैसा हूं ,जहां भी हूं ,बड़ा महफूज़ हूं यारों।
मुझे अच्छा नहीं लगता किसी पहचान में रहना।।
सफर दो नाव का करना इसी को लोग कहते हैं ।
जिगर में दर्द को पाले स्वयं मुस्कान में रहना ।।

उनका लेखन तो कसावट और छंद के मापदंड पर सही था ही मंच पर उनकी प्रस्तुति अदम्य आत्मविश्वास से भरा होता था और आवाज में इतनी बुलंदी की बिना माईक के पूरा सदन उनकी आवाज सुन सकता था । सनन जी ने अपने जीवन में कई रंगमंचीय नाटकों में भी काम किया और नाटक के गीत लिखें भी लिखे इस बात को बहुत कम लोग जानते है गुणवंती नाटक के एक टायटल गीत में वे लिखते है-

ओ गुणवन्ती मेरी प्यारी मेरी, महल न मुझको सुहायें।
कहा हैं वो मेरी फटी सी गुदड़िया बिना उसके निंद न आये।।

सननजी की विशेषता थी की वे सभी के मित्र थे अदावत नाम की कोई चीज उनके जीवन में थी ही नहीं एक बार जिसने उनको सुन लिया वह उनका कायल हो गया । कृष्ण सुदामा की मित्रता को ले कर उनका एक गीत बहुत प्रसिद्ध है जो उज्जयिनी की महिमा के साथ वे प्रस्तुत करते हुए कहते थे-

कभी सुदामा कृष्ण सरिखें, इस धरती पर विद्या सीखे।
नये दौर में हमने सीखे,जीने के कुछ नये तरीके ।
तो आज भी ढूंढा करता हूँ,वो दिलदार कहॉ।
कहने को बस रही मित्रता, वैसा प्यार कहॉ।

पिछले 8 सालों से वे एक महत्वपूर्ण रचना मधुराधर के लिए सृजनरत्त थे श्रीकृष्ण के चरित्र और वर्तमान में श्रीकृष्ण की महिमा को ले कर सनन जी ने एक गीतिकाव्य कृति मधुराधर की थी जो की कुछ महिनों पहले ही 111 छंदों मे निबद्ध हो कर पूर्ण हो गई इस रचना में उन्होने एक पद में कहा है-

क्या हिन्दू और क्या मुस्लिम सबको मधुराधर भाये ।
कुछ कलाकार ऐसे भी फिल्मी दुनिया में आये ।
जब युसूफ ने ओंठ हिलाये वे भजन रफ़ी ने गाये ।
तो संगत नौशाद की सूचि में क्या खय्याम नहीं।।
ये अधर व्यर्थ है तेरे,इनका कोई काम नहीं।
जब तक इन अधरों पर है मधुराधर नाम नहीं।

उज्जैन के कवि सम्मेलनों में शहीद बलराम जोशी को समर्पित उनके गीत का पाठ होने के बाद उस ऊंचाई की कविता कोई नहीं पढ़ पाता था यह उनके रचनाकर्म की श्रेष्ठतम् रचना है । रचना पाठ के पहले वे सीमा पर चौकस जवानों के सम्मान में एक मुक्त कहते थे-

हम जीते हर जंग यहॉ, नहीं गिराई साख को ।
कभी शहीद हूआ कोई तो , शीश चढ़ाई राख को।।
हम अर्जुन  हैं वृक्ष न देखा ,न देखा उस चिड़िया को ।
हमने सदा लक्ष्य पर रक्खा उस चिड़िया की आंँख को।।

अपने काव्यपाठ की शुरुआत सननजी हमेशा एक गजल के दो शेरो से करते थे जो की मॉ को समर्पित है-

मॉ अनपढ़ है पर बच्चों का मन पढ़ लेती है।
किस्से रोज नये जाने कैसे गढ़ लेती है।
उम्र,तगारी का दोहरा बोझा ले कर।
नये मकानों की सीढ़ी कैसे चढ़ लेती है।।

पेशे से तीर्थपुरोहित रहे सनन जी हरदिल अजीज थे। 29 जुलाई1959 को जन्में सननजी अपने पैत्रिक कार्य को जीवन भर आगे बढ़ाते रहे। साहित्य जगत के कई प्रतिष्ठा सम्मान भी उन्हें मिले,दूरदर्शन और सब टीवी पर भी वे काव्य पाठ कर चूके थे।उनकी एक गजल कृति हर घर में उजाला जाए प्रकाशित हुई है। और अगली कृति मधुराधर को प्रकाशित करवाने की तैयारी में लगे थे। सननजी का यूं एकदम चले जाना मित्रों के लिए तो दुखद है ही,साहित्य जगत के लिए भी अपूर्णीय क्षति है। क्योंकि सननजी ऑलराउंडर कवि थे। विनम्र श्रद्धांजलि सननजी को...।

-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
उज्जैन