लघु कथा-बड़े लेखक और बड़े मेले



पुस्तक मेले की भीड़ में अपनी पहली किताब का विमोचन हो यह इच्छा पहले ही नहीं थी । डर लग रहा था बड़े पुस्तक मेले और बड़े लेखकों के बीच कैसे माहौल मिलेगा। लेकिन प्रकाशक की इच्छा थी की कुछ “बड़े हाथों” से गॉव के नये छोरे की पहली किताब का विमोचन करवाए। ताकि हाथों-हाथ कुछ किताबें बिक जाए। कुछ किताबें खरीद कर नया लेखक बड़े लेखकों को भेट कर दे, ताकि प्रकाशन का मुनाफा उसकी जेब में आ जाए। क्योंकि मूल रकम तो वो नये नवेले लेखक से पहले ही ले चूका था।
आखिर प्रकाशक ने पुस्तक मेले का एक दिन नये लेखक के नाम किया और नामचिन लेखकों के एक दल को विमोचन के लिए राजी कर लिया बदले में कुछ किताबें मुफ्त उस दल के लोगों को देना तय हुआ । ठीक समय से दो घंटे देरी से हंसी-ठिठोली करता नामचिन लेखकों का दल प्रकाशक के स्टॉल पर पहुंचा, जहॉ बेचारा नया लेखक सहमा-सहमा नाश्ता और मिठाई लिए उनका इंतजार कर रहा था । प्रकाशक के साथ लेखक ने दल का स्वागत किया और बिना किसी औपचारिकता के सीधे-सीधे उनके हाथों में एक-एक किताब पकड़ा दी। अलग-अलग एंगल से फोटो लिए गये। प्रकाशक खुश हो गया फोटो सोशल मिडिया पर तत्काल डाल दिए । सबने जम कर नाश्ता किया, मिठाई खाई लेकिन न किसी ने उस नये लेखक की किताब को अलटा-पलटा और न ही कोई टिप्पणी की और तो और बधाई तक भी नही दी। बेचारा नया लेखक अपना सा मुंह बनाए सोच रहा था क्या बड़े लेखक और बड़े मेले ऐसे होते है ?

-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com

भारतीय गणतंत्र की दास्तान कहती कृति “हम भारत के लोग”



भारतीय गणतंत्र की स्थापना के 70 वें साल में वरिष्ठ पत्रकार और शिक्षाविद् डॉ. देवेन्द्र जोशी की हाल ही में प्रकाशित हुई कृति “हम भारत के लोग” में उनके द्वारा गणतंत्र की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा को सप्रमाण सचित्र उभारा गया है। पुस्तक की शुरूआत हम भारत के लोग से शुरू होने वाली भारतीय संविधान की प्रस्तावना से होती है, इस कारण पुस्तक को नाम दिया गया है “हम भारत के लोग”। पुस्तक के आमुख में भारतीय संविधान की विशेषताएं दी गई है। वहीं पुस्तक के मूल में भारतीय गण है जिसकी वर्तमान स्थिति को अलग - अलग नजरिए से पाठकों के समक्ष लाने की कोशिश की गई है। 
डॉ देवेन्द्र जोशी की नितान्त मौलिक परिकल्पना पर आधारित इस अत्यंत श्रमसाध्यपूर्ण कृति में उनकी प्रखर कलमकारी के दर्शन होते हैं। गणतंत्र के गण की नब्ज को लेखक ने 20 भारतीय चरित्रों के माध्यम से टटोलने की रचनात्मक चेष्टा की है। पुस्तक गणतंत्र के गण के रूप में देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति से लेकर आम जन तक सबकी खबर लेती है। पहली पड़ताल में डॉ जोशी प्रश्न उठाते हुए लिखते है- “ देश में अरबपतियों की संख्या सिर्फ 101 ही क्यों है? देश में प्रतिवर्ष अर्जित की जाने वाली कुल सम्पत्ति के 73 प्रतिशत हिस्से पर केवल 1 प्रतिशत अमीरों का ही कब्जा क्यों है?”
कृति मे 20 अध्यायों के माध्यम से भारत की वर्तमान स्थिती पर प्रकाश डाला गया है जिनके नाम किसान, मजदूर, सैनिक, पुलिस, गरीब - अमीर, आदिवासी, कैदी, डॉक्टर, नेता, बाल मजदूर, नवजात शिशु, विधवा, महिला सुरक्षा, युवा, वृद्ध, साधु, भीड, जनता और राष्ट्रपति दिए गये है, जो कि सभी एक शब्द के है। और भारत के अभिन्न लोग है। भारत निर्माण की बात यदी की जाए तो इन सभी के योगदान के बगैर भारत का निर्माण संभव नहीं है। लेकिन भारत में गणतंत्र की स्थापना के 70 साल बाद भी अगर किसान आत्म हत्या कर रहे है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाएं बलात्कार की शिकार हो रही है, मजदूर मेहनताने के लिए संघर्षरत हैं, गरीब - अमीर की खाई चौडी होती जा रही है, निरीह लोग भीड की हिंसा क शिकार हो रहे हैं, विधवाएं बदतर जिन्दगी जीने को अभिशप्त हैं, साधु  संत समाज को दिशा देनेके बजाय अपना उल्लू सीधा करने में लगे हैं, नेता अपनी कुर्सी बचाने और डॉक्टर मरीज का खून चूसने में लगे हैं तो प्रश्न उठना लाजमी है कि आखिर कब परिपक्व होगा भारत का गणतंत्र ?
डॉ देवेन्द्र जोशी
डॉ जोशी की यह पुस्तक सवाल ही नहीं खडे करती उनका समाधान भी देती है। गणतंत्र की दास्तान होने के बावजूद यह एक प्रामाणिक कृति है क्योंकि हर बात पूरी जिम्मेदारी के साथ भारत सरकार के प्रमाणित आंकडों के आधार पर कलमबद्ध की गई है। सीधी सरल भाषा, रोचक शैली और उत्कृष्ट कलमकारी के साथ प्रस्तुत यह पुस्तक हम भारत के लोग का यथार्थ चित्र उपस्थित करने के साथ ही पाठकों के ज्ञान में वृद्धि भी करती है। हम भारत के लोग को गणतंत्र के 70 वें साल में गण की दास्तान को लिपिबद्ध करने की एक अभिनव कोशिश के रूप में स्वीकारा जाना चाहिए। डॉ जोशी इस कृति को सामाजिक और राजनैतिक जागरुकता पैदा करने के उद्देश्य से समाज को सौप रहें है। यह कृति आज के लिए लिए है, वर्तमान स्थिती पर है, जो कि भारत के भविष्य को उज्जवल बनाने का मार्गदर्शन करती नजर आती है।
पुस्तक- हम भारत के लोग
लेखक- डॉ देवेन्द्र जोशी
प्रकाशक- निखिल पब्लिशर्स एण्ड डिस्ट्रीब्यूटर्स, आगरा
पृष्ठ- 110
मूल्य- 100/-

समीक्षक -संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- shashwatsrijan111@gmail.com

दिवस कपकपाने लगे, लगी ठिठुरने रात




मौसम के बदलाव ने, बदल दिए हालात ।
दिवस कपकपाने लगे, लगी ठिठुरने रात ।।

मौसम के बदलाव ने, छीन लिया सुख चैन ।
स्वेटर मफलर मांगता, सूरज हो बैचेन ।।

मौसम के बदलाव ने, दिए नये संकेत ।
चादर ओढ़े बर्फ की, सुस्त हो गये खेत ।।

मौसम के बदलाव ने, बदला है सुऱ ताल ।
फटी गुदड़िया से बची, मुफ़लिस तन की खाल ।।

मौसम के बदलाव ने, बदले सारे ख़्वाब ।
यौवन की दहलीज़ पर, बहके मिले गुलाब ।।

मौसम के बदलाव ने, दिए नये उन्वान ।
क़लम और स्याही रचे, काग़ज़ पर दिनमान ।।

मौसम के बदलाव ने, रचे कईं नवगीत ।
आंगन पसरी धूप से, कर बैठे हम प्रीत ।।

मौसम के बदलाव ने, बांटी है सौगात ।
यौवन को भाने लगी, ठंड़ी-ठड़ी रात ।।

-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com

बतियाने आ जाए धूप

बहुत डर रही है 
बादलों की ओट से 
निकली धूप

ठंडी हवाओं के बीच
ठिठुरते हुए
सिकुड़ी है धूप

छत हो या आंगन
सहम-सहम कर 
आ-जा रही है धूप

अपने तेज से 
सेक नहीं पा रही है
खुद को धूप

आओ घर के बाहर बैठे
कुछ बतियाए हम
शायद हमको देख
बतियाने आ जाए धूप

-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733

जनवरी की धूप

कुछ अंगड़ाई लेती
कुछ आलस मोड़ती
कुछ सुबकती
कुछ रुआसी
कुछ अनमनी
कुछ ठिठुरती
हुई आती है।
बादलों की रजाई से
बाहर निकल कर
स्कूल जाते बच्चों के साथ
स्कूल जाने के लिए
आजकल धूप।
सच में, कोई फर्क नहीं होता है
स्कूल जाते बच्चों और
जनवरी की धूप में ?
-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733