भारतीय गणतंत्र की दास्तान कहती कृति “हम भारत के लोग”



भारतीय गणतंत्र की स्थापना के 70 वें साल में वरिष्ठ पत्रकार और शिक्षाविद् डॉ. देवेन्द्र जोशी की हाल ही में प्रकाशित हुई कृति “हम भारत के लोग” में उनके द्वारा गणतंत्र की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा को सप्रमाण सचित्र उभारा गया है। पुस्तक की शुरूआत हम भारत के लोग से शुरू होने वाली भारतीय संविधान की प्रस्तावना से होती है, इस कारण पुस्तक को नाम दिया गया है “हम भारत के लोग”। पुस्तक के आमुख में भारतीय संविधान की विशेषताएं दी गई है। वहीं पुस्तक के मूल में भारतीय गण है जिसकी वर्तमान स्थिति को अलग - अलग नजरिए से पाठकों के समक्ष लाने की कोशिश की गई है। 
डॉ देवेन्द्र जोशी की नितान्त मौलिक परिकल्पना पर आधारित इस अत्यंत श्रमसाध्यपूर्ण कृति में उनकी प्रखर कलमकारी के दर्शन होते हैं। गणतंत्र के गण की नब्ज को लेखक ने 20 भारतीय चरित्रों के माध्यम से टटोलने की रचनात्मक चेष्टा की है। पुस्तक गणतंत्र के गण के रूप में देश के प्रथम नागरिक राष्ट्रपति से लेकर आम जन तक सबकी खबर लेती है। पहली पड़ताल में डॉ जोशी प्रश्न उठाते हुए लिखते है- “ देश में अरबपतियों की संख्या सिर्फ 101 ही क्यों है? देश में प्रतिवर्ष अर्जित की जाने वाली कुल सम्पत्ति के 73 प्रतिशत हिस्से पर केवल 1 प्रतिशत अमीरों का ही कब्जा क्यों है?”
कृति मे 20 अध्यायों के माध्यम से भारत की वर्तमान स्थिती पर प्रकाश डाला गया है जिनके नाम किसान, मजदूर, सैनिक, पुलिस, गरीब - अमीर, आदिवासी, कैदी, डॉक्टर, नेता, बाल मजदूर, नवजात शिशु, विधवा, महिला सुरक्षा, युवा, वृद्ध, साधु, भीड, जनता और राष्ट्रपति दिए गये है, जो कि सभी एक शब्द के है। और भारत के अभिन्न लोग है। भारत निर्माण की बात यदी की जाए तो इन सभी के योगदान के बगैर भारत का निर्माण संभव नहीं है। लेकिन भारत में गणतंत्र की स्थापना के 70 साल बाद भी अगर किसान आत्म हत्या कर रहे है, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाएं बलात्कार की शिकार हो रही है, मजदूर मेहनताने के लिए संघर्षरत हैं, गरीब - अमीर की खाई चौडी होती जा रही है, निरीह लोग भीड की हिंसा क शिकार हो रहे हैं, विधवाएं बदतर जिन्दगी जीने को अभिशप्त हैं, साधु  संत समाज को दिशा देनेके बजाय अपना उल्लू सीधा करने में लगे हैं, नेता अपनी कुर्सी बचाने और डॉक्टर मरीज का खून चूसने में लगे हैं तो प्रश्न उठना लाजमी है कि आखिर कब परिपक्व होगा भारत का गणतंत्र ?
डॉ देवेन्द्र जोशी
डॉ जोशी की यह पुस्तक सवाल ही नहीं खडे करती उनका समाधान भी देती है। गणतंत्र की दास्तान होने के बावजूद यह एक प्रामाणिक कृति है क्योंकि हर बात पूरी जिम्मेदारी के साथ भारत सरकार के प्रमाणित आंकडों के आधार पर कलमबद्ध की गई है। सीधी सरल भाषा, रोचक शैली और उत्कृष्ट कलमकारी के साथ प्रस्तुत यह पुस्तक हम भारत के लोग का यथार्थ चित्र उपस्थित करने के साथ ही पाठकों के ज्ञान में वृद्धि भी करती है। हम भारत के लोग को गणतंत्र के 70 वें साल में गण की दास्तान को लिपिबद्ध करने की एक अभिनव कोशिश के रूप में स्वीकारा जाना चाहिए। डॉ जोशी इस कृति को सामाजिक और राजनैतिक जागरुकता पैदा करने के उद्देश्य से समाज को सौप रहें है। यह कृति आज के लिए लिए है, वर्तमान स्थिती पर है, जो कि भारत के भविष्य को उज्जवल बनाने का मार्गदर्शन करती नजर आती है।
पुस्तक- हम भारत के लोग
लेखक- डॉ देवेन्द्र जोशी
प्रकाशक- निखिल पब्लिशर्स एण्ड डिस्ट्रीब्यूटर्स, आगरा
पृष्ठ- 110
मूल्य- 100/-

समीक्षक -संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- shashwatsrijan111@gmail.com

दिवस कपकपाने लगे, लगी ठिठुरने रात




मौसम के बदलाव ने, बदल दिए हालात ।
दिवस कपकपाने लगे, लगी ठिठुरने रात ।।

मौसम के बदलाव ने, छीन लिया सुख चैन ।
स्वेटर मफलर मांगता, सूरज हो बैचेन ।।

मौसम के बदलाव ने, दिए नये संकेत ।
चादर ओढ़े बर्फ की, सुस्त हो गये खेत ।।

मौसम के बदलाव ने, बदला है सुऱ ताल ।
फटी गुदड़िया से बची, मुफ़लिस तन की खाल ।।

मौसम के बदलाव ने, बदले सारे ख़्वाब ।
यौवन की दहलीज़ पर, बहके मिले गुलाब ।।

मौसम के बदलाव ने, दिए नये उन्वान ।
क़लम और स्याही रचे, काग़ज़ पर दिनमान ।।

मौसम के बदलाव ने, रचे कईं नवगीत ।
आंगन पसरी धूप से, कर बैठे हम प्रीत ।।

मौसम के बदलाव ने, बांटी है सौगात ।
यौवन को भाने लगी, ठंड़ी-ठड़ी रात ।।

-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com

बतियाने आ जाए धूप

बहुत डर रही है 
बादलों की ओट से 
निकली धूप

ठंडी हवाओं के बीच
ठिठुरते हुए
सिकुड़ी है धूप

छत हो या आंगन
सहम-सहम कर 
आ-जा रही है धूप

अपने तेज से 
सेक नहीं पा रही है
खुद को धूप

आओ घर के बाहर बैठे
कुछ बतियाए हम
शायद हमको देख
बतियाने आ जाए धूप

-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733

जनवरी की धूप

कुछ अंगड़ाई लेती
कुछ आलस मोड़ती
कुछ सुबकती
कुछ रुआसी
कुछ अनमनी
कुछ ठिठुरती
हुई आती है।
बादलों की रजाई से
बाहर निकल कर
स्कूल जाते बच्चों के साथ
स्कूल जाने के लिए
आजकल धूप।
सच में, कोई फर्क नहीं होता है
स्कूल जाते बच्चों और
जनवरी की धूप में ?
-संदीप सृजन
संपादक- शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट, उज्जैन 456006
मो. 09406649733

समाज में मनुष्यता के प्रतिस्थापक भगवान पार्श्वनाथ



सनातन धर्म की पावन गंगोत्री से निकले विभिन्न धर्मों में जैन धर्म भारत का सर्वाधिक प्राचीनतम धर्म है। चौबीस तीर्थकंरों की समृद्ध जनकल्याण की परम्परा, जो वर्तमान अवसर्पिणी काल में ऋषभदेव से लेकर महावीर तक पहुंची, उसमें हर तीर्थंकर ने अपने समय में जिन धर्म की परम्परा को और आत्मकल्याण के मार्ग को समृद्ध किया है तथा संसार को मुक्ति का मार्ग दिखाया है।
काल के प्रवाह में ऐसा होता आया है कि एक महापुरुष के निर्वाण के बाद उसका प्रभाव तब तक ही विशेष रूप से जन सामान्य में रहता है जब तक की उसके समान कोई अन्य महापुरुष धरती पर अवतरित न हो। लेकिन कुछ महापुरुष इसका अपवाद होते है। जैन धर्म के चौबीस तीर्थंकरों में तेवीसवें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के बाद भगवान महावीर हुए लेकिन भगवान पार्श्वनाथ के प्रभाव में कोई कमी आज तक नहीं आई है। जैन मान्यताओं के अनुसार वर्तमान में भगवान महावीर का शासन चल रहा है लेकिन सर्वाधिक जैन प्रतिमाएँ आज भी केवल भगवान पार्श्वनाथ की ही है। जैन मंत्र साधनाओं में भी सर्वाधिक महत्व पार्श्वनाथ के नाम को ही दिया जाता है।
भगवान पार्श्वनाथ का जन्म भगवान महावीर के जन्म से 350 वर्ष पहले हुआ। सौ वर्ष की आयु उनकी रही तदानुसार लगभग तीन हजार वर्ष पहले वाराणसी के महाराजा अश्वसेन के यहॉ माता वामा देवी की कुक्षी से पोष कृष्ण दशमी को हुआ। राजसी वैभव के बावजूद आत्मा में असीम करुणा का भाव जो सांसारिक जीवन में उनको लोकप्रिय बना देता है। वे उस दौर के तमाम आडम्बरों के बीच एक कमल पुष्प थे। धर्म और समाज में फैली हिंसा और कुरीतियों के बीच एक धर्म पुरोधा थे। जो मनुष्य समाज में मनुष्यता के गुण करुणा, दया, अहिंसा के जीवन की प्रतिस्थापना करने को आए थे।
जैन धर्म ग्रंथो में एक प्रसंग आता है- जब भगवान पार्श्वनाथ मात्र उम्र सोलह वर्ष थे तब वाराणसी नगरी में एक तापस आया जो नगर के मध्य अग्नी तप कर रहा था। और सारा नगर उस तापस के इस हठ योग से प्रभावित हो कर उसके दर्शन के लिए जा रहा था। ऐसे में लोक व्यवहार अनुसार पार्श्वकुमार भी वहॉ पहुंचे। तभी उन्होने अपने ज्ञान से देखा की तापस ने जो लकड़ी अपने सामने जला रखी है उसमें नाग नागिन का जोड़ा है, और वो जल रहा है। पार्श्वकुमार ने तापस से कहा कि- योगी आपके इस हठ योग में जीवों की हिंसा हो रही है। इस पर तापस क्रोधित हो गया और अशिष्ठ भाषा का प्रयोग पार्श्वकुमार के प्रति किया। तभी पार्श्वकुमार ने अपने कर्मचारी को आदेश देते हुए काष्ठ के उस टुकड़े को आग से निकालने कर उसे चीरने को कहा, जैसे ही कर्मचारी ने लकड़ी को चीरा उसमें से जलता हुआ नाग नागिन का जोड़ा निकला जो मरणासन स्थिती में पहुँच चुका था । पार्श्वकुमार ने जलते नाग नागिन के प्रति अपनी करुणा बरसाते हुए उनको नमस्कार महामंत्र सुनाया और बोध दिया कि वैर भाव को त्याग करे और समाधी मरण का वरण करे। पार्श्वकुमार की वाणी उस समय उस सर्प युगल के लिए किसी अमृत से कम नहीं थी। क्योंकि कहा जाता है ‘अंत मति सो गति’। पार्श्वकुमार के वचनों से उनके मन से वैर भाव खत्म हुआ और वे समाधी मरण को प्राप्त कर देव लोक में धरणेन्द्र और पद्मावती नाम से इन्द्र और इन्द्राणी बने। जो की भगवान पार्श्वनाथ के जीवन काल में हर समय उनके साथ रहे और माना जाता है कि आज भी भगवान पार्श्वनाथ का स्मरण करने वाले के साथ रहते है।
भगवान पार्श्वनाथ करुणावतार तो थे ही वे कर्मावतार भी थे उन्होने अपने सत्तर साल के दीक्षा पर्याय में कभी किसी से सहायता की याचना नहीं की अपने तपोबल के माध्यम से केवल ज्ञान को प्राप्त किया। और मोक्ष को गये। भगवान पार्श्वनाथ कर्मकांड और आडम्बर को धर्म नहीं मानते थे वे जीवंत धर्म को ही धर्म मानने और उसकी प्रतिस्थापना करने के लिए धरा पर आए थे। उन्होंने करुणा, दया, परोपकार और जगत कल्याण के कार्यों को धर्म बताया और उसी तरफ जगत के जीवों के ले जाने के लिए उपदेश दिया। भगवान पार्श्वनाथ का जन्मकल्याणक मनाते हुए हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
-संदीप सृजन
संपादक-शाश्वत सृजन
ए-99 वी.डी. मार्केट,
उज्जैन 456006
मो. 09406649733
ईमेल- sandipsrijan.ujjain@gmail.com